






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 अक्टूबर 2026। पालिका परिसर में सेवा सेतु अभियान 2026 के तहत चल रहें शिविर में आज गुरूवार को 14 परिवादें पालिका प्रशासन को प्राप्त हुई। शिविर में पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी व उपाध्यक्ष विनोदगिरी गुसाई सहित विभिन्न विभागों के कार्मिक उपस्थित रहें। पालिकाध्यक्ष कलानी ने सफाई व खंभो पर लाइटें लगवाने की परिवादों का तुरंत निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए। विदित रहें शुक्रवार, 9 अक्टूबर को शिविर 11 से 14 तक वार्डों के लिए आयोजित होगा।
वार्ड 10 के पार्षद प्रतिनिधि नानूराम कुचेरिया ने ईओ के नाम ज्ञापन देते हुए वार्ड में प्रजापति भवन से मदर इंडिया स्कूल होते हुए आनंद जोशी के मकान से होते हुए जोशी हॉस्पिटल तक तीन चार फुट नाला डलवाने की मांग की। वहीं एनएच 11 से धनराजनाथ के मकान से लालचंद कुचेरिया के मकान तक पक्की सड़क निर्माण करवाने, जसनाथजी बाड़ी पुल से गंगाराम सुथार के मकान से होते हुए जोशी अस्पताल तक नाला डलवाने, श्रवण सुनार के मकान से हीरालाल पटवारी के मकान तक ईसरलाल बोरावड़ के मकान से गोरधन नोखवाल के मकान तक नाली निर्माण कार्य करवाने, मोहल्ले में 10 रोड लाइट की व्यवस्था करवाने, जसनाथजी की बाड़ी गंगाराम सुथार के मकान के आगे सफाई कार्य करवाने, भंवरलाल कुचेरिया के मकान से केके जांगिड़ के मकान से होकर एनएच 11 तक घरेलू पानी की पाईप लाइन डलवाने की मांगे रखी है।
वार्ड 6 की पार्षद अंजूदेवी पारख ने शिविर में पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन देकर गांधी पार्क के पास नाली की गहराई कम करवाने, पानी निकासी करवाने, पार्क के चारों और छोटी पक्की नालियां बनवाने, अस्पताल से पहले गोपाल राठी की दुकान के पास चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनवाने, भारत टेलर्स से चुन्नीलालजी भंसाली के घर तक व लाल मोहम्मद चांगल के घर से शुभ नौलखा के घर तक सीसी रोड बनवाने, उपजिला अस्पताल के पास बालिका स्कूल के पीछे टूटे चैंबर ठीक करवाने, मुख्य बाजार में टैक्सी स्टेंड के पास से ताल मैदान तक सड़क की सफाई करवाने, इस सड़क पर गड्ढों को भरे जाने, खुले चैंबरों के ढक्कन लगवाने, ताल मैदान की साफ सफाई करवाए जाने की मांग की। वार्ड 23 के सक्रिय युवक मनोज कुमार प्रजापत ने शहर में गर्भवती महिलाओं को समय पर सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने व पालिका द्वारा एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की है।







