






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 अक्टूबर 2026। पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को श्रीडूंगरगढ़ कांग्रेस कार्यालय में रीड़ी एवं श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और गांव-गांव जनसंपर्क बढ़ाने को लेकर मंथन किया गया। बैठक में पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने कहा कि पार्टी पंचायती राज चुनावों में पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने और ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की नीतियों एवं मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुशासन, तानाशाही, गुंडागर्दी और सत्ता के अहंकार से जन जन परेशान है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव गांव की सरकार चुनने का महत्वपूर्ण अवसर हैं और जनता अपने मत के माध्यम से सरकार के कामकाज का जवाब देगी। बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों पंचायत समितियों में मजबूती के साथ चुनाव लड़ने का संकल्प जताया। नेताओं ने दावा किया कि रीड़ी और श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समितियों में कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। इस दौरान दोनों पंचायत समितियों के क्षेत्र से अनेक ग्रामीण जनप्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए है।








