








श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 सितंबर 2026। साइबर अपराध जन जागरूकता माह के तहत राजकीय महाविद्यालय, श्रीडूंगरगढ़ में बुधवार को विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। युवाओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जरूरी जानकारी दी गई है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई, जिसके माध्यम से ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचने के उपाय समझाए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक करने, फर्जी कॉल का जवाब देने और लालच भरे संदेशों के झांसे में आने से बचने के लिए सावधान किया गया। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, व्यक्तिगत एवं महत्वपूर्ण जानकारी साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन सोशल मीडिया प्रभारी शुभनंदिनी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य अमित तंवर ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साइबर अपराधों के प्रति जागरूक और सतर्क रहने का संदेश दिया।



