September 30, 2026
2

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 30 सितंबर 2026। भारतीय किसान संघ के बैनर तले पदाधिकारियों ने उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल को पत्र सौंपकर कमजोर मानसून के कारण किसानों को हुए फसल नुकसान का आंकलन करवाकर मुआवजा दिलाने सहित किसानों को प्रतिदिन 8 घंटे बिजली उपलब्ध करवाने की मांग की। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कमजोर मानसून से बारानी एवं सिंचित फसलों को नुकसान हुआ है। ऐसे में प्रभावित फसलों की विशेष गिरदावरी करवाकर पात्र किसानों को मुआवजा दिलाया जाए। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्रॉप कटिंग में पूरी पारदर्शिता बरतने तथा प्रयोग की पूर्व सूचना संबंधित किसानों को देने और गांव के 8-10 किसानों की मौजूदगी में क्रॉप कटिंग करवाने की मांग भी रखी। इसके अलावा सूडसर उपतहसील में आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति कर नियमित कार्यालय संचालन करवाने तथा किसानों को प्रतिदिन 8 घंटे बिजली आपूर्ति देने की मांग की गई। इस दौरान बजरंग धारणियां, रामकिसन नाथ, दुर्गनाथ सिद्ध, श्रवणसिंह पुंदलसर, अमित मेघवाल, रमेश कुमार सहित बड़ी संख्या में भारतीय किसान संघ के सदस्य मौजूद रहे।