





श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 सितंबर 2026। गत चार दिन से गांव सूडसर, टेऊ व दुलचासर गांवो की विद्युत आपूर्ति ठप्प पड़ी है। बिजली बंद रहने से उपतहसील कार्यालय, कृषि कार्य, दो बैंक, अस्पताल सहित रोजमर्रा की जरूरी सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने बताया कि बिजली संकट का सबसे बुरा असर किसानों और पशुपालकों पर पड़ा है।
दुलचासर के 33 केवी की सप्लाई बंद है और इससे जुड़े 40 ट्यूबवेलों से जुड़ी फसलें पानी के अभाव में नष्ट हो गई हैं। पशुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था प्रभावित हो गई है जिससे पशुधन प्यास से मरने की स्थिति खड़ी हो गई है। बिजली संकट के चलते ग्रामीणों को पेयजल, सिंचाई, बैंकिंग, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व विधायक की अगुवाई में तीनों गांवों के ग्रामीणों का दल विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता अशोक कुमार गोयल एवं अधीक्षण अभियंता राजेंद्र मीणा से मुलाकात करने पहुंचा। दल ने तत्काल नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध करवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग रखी। ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष कहा कि चार दिन से बिजली बंद रहने से किसान, मजदूर, व्यापारी, पशुपालक, बैंक, अस्पताल और सरकारी कार्यालय सहित हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। विशेष रूप से फसलों और पशुधन को हो रहे नुकसान को देखते हुए तत्काल विद्युत व्यवस्था बहाल करना बेहद जरूरी है। इस पर विद्युत अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि आज ही नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध करवाकर विद्युत व्यवस्था बहाल करने की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आश्वासन देते हुए आज ही नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल किए जाने की बात कही।






