





श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 सितंबर 2026। बीती रात करीब 9.30 बजे हाइवे पर गांव बेनीसर से आगे दो किलोमीटर एक कार और कंटेनर की आमने सामने टक्कर हुई। टक्कर में अपने खेत से लौट रहें 51 वर्षीय श्यामसुंदर पुत्र सुगनाराम ब्राह्मण निवासी बिग्गाबास की अकाल मौत हो गई। दुर्घटना में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। टोल एंबुलेस के कार्मिकों ने मौके पर पहुंचकर राहगीरों की मदद से कार से घायल श्यामसुंदर को निकाल कर उपजिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उनका जीवन बचाने के प्रयास किए परंतु कार सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
मृतक के छोटे भाई रामकिशन ने बुधवार सुबह ट्रक चालक पर लापरवाही से ट्रक चलाकर कार को टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को रिपोर्ट दी। एएसआई सुरेश कुमार ने कागजी कार्रवाई के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया और गमगीन माहौल में परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
परिवार कर रहा था इंतजार..
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दुर्घटना में मृतक श्यामसुंदर ब्राह्मण मुंबई प्रवासी थे और टूर एडं ट्रेवल्स कंपनी के मालिक थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार वे इन दिनों कोई पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने घर श्रीडूंगरगढ़ आए हुए थे। शनिवार को उनकी मुंबई लौटने की टिकिट भी बनवाई हुई थी। रात उनकी पत्नी व दो विवाहित व एक अविवाहित बच्चे उनका घर पर इंतजार कर रहें थे। श्यामसुदंर दुलचासर की रोही में स्थित अपना खेत संभालने गए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। सुबह घटना की सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया और मोहल्ले में माहौल गमगीन हो गया।






