


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अगस्त 2026। खेत पड़ोसी ने आम रास्ते में भैंस बांध दी जो परिवादी के खेत में घुस गई और जब उसने भैंस ले जाने की बात कही तो खेत पड़ोसी दो भाइयों के परिवार ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की और उससे सोने की अंगूठी छीन ली।
गांव बरजांगसर निवासी 75 वर्षीय हड़मानाराम पुत्र मोतीराम ने खेत पड़ोसी डूंगरराम पुत्र पुरखाराम, उसके भाई ओमप्रकाश व दोनों की पत्नियां सहित तीन चार बेटियों के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसके खेत पड़ोसी आरोपी डूंगरराम व उसके खेत के बीच आम रास्ता है। डूंगरराम ने 20 अगस्त 2026 की शाम 6 बजे अपनी भैंसे रास्ते में बांध दी। रास्ते में गाड़ी आई तो भैंस रस्सी तुड़वा कर परिवादी के खेत में घुस आई। जब उसने आवाज लगाकर उसे भैंस ले जाने का कहा तो उसने कहा कि मेरी भैंसे तो यहीं रहेगी, इस बात पर रास्ते में बोलचाल हुई और उसी दौरान आरोपियों ने गाली गलौच करते हुए परिवादी के साथ मारपीट करते हुए उसकी सोने की अंगूठी छीन ली। उसके रोला करने पर उसका पुत्र तेजाराज व भतीजा भागुराम मौके पर आए और रास्ते पर अनेक लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुरेश कुमार को दी है।
विदित रहें इस मामले में आरोपी ओमप्रकाश ने भी मामला दर्ज करवाया है। परस्पर आरोपों में दर्ज हुए मामलों की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।





