Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026
11
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अगस्त 2026। सितंबर का पहला सप्ताह इस बार बाबा की भक्ति और लोकतंत्र की शक्ति के बीच एक अनोखा द्वंद्व लेकर आ रहा है। यात्रा पर चुनाव का और चुनाव पर धार्मिक यात्रा का साया मंडरा रहा है। इस बार एक ओर तो लोकतंत्र का पर्व निकाय चुनाव है और दूसरी और हजारों पदयात्रियों की बाबा रामदेव मेले के लिए रवानगी का समय है। ऐसे में पदयात्री असमंजस में थे, कि वे अपने शहर की सरकार चुने या पदयात्रा करें।
इस बार 9 सितंबर मतदान का दिन है और इससे पहले अनेक संघों में सैंकड़ों पदयात्री रामदेवरा के लिए रवाना होने वाले थे, ऐसे में प्रत्याशियों के आग्रह पर संघों ने शुक्रवार शाम को बैठकें की है। संघ पदाधिकारियों ने यात्रा कार्यक्रम में व्यापक परिवर्तन करते हुए लोकतांत्रिक जिम्मेदारी को निभाने का निर्णय लिया है।
डोर टू डोर पैदल यात्री संघ अध्यक्ष संजय करनाणी ने बताया कि संघ सदस्य 9 सितंबर को वोट देंगे और 10 सितंबर को दोपहर 12 बजे बाबा रामदेव के मंदिर से ज्योत आरती के बाद धूमधाम से रवाना होगा। करनाणी ने बताया कि इस बार मनाया जाने वाला संघ का स्वर्णजयंती समारोह स्थगित कर दिया गया है। यह समारोह अगले वर्ष भव्यता के साथ मनाया जाएगा। वहीं आपणो संघ ध्वजाबंध धारी के अध्यक्ष केके जांगिड़ ने बताया कि उनका संघ 9 सितंबर की सुबह वोटिंग होने के बाद उसी शाम को सरकारी अस्पताल के पास स्थित बाबा रामदेव मंदिर से धूमधाम से रवाना होगा। वहीं द्वारकाधीश पैदल यात्री संघ 8 सितंबर की शाम को रवाना होकर गढ़गोपाल स्टोपेज लेगा। 9 की सुबह वोटर यात्री वोट देने के बाद सीधे लखासर स्टोपेज पर पहुंचेगे। वहीं रूणिचा पैदल यात्री सेवा समिति संघ के अध्यक्ष हरि मूंधड़ा की सहमति से सदस्यों ने 9 सितंबर की सुबह वोट डालने के बाद रवाना होने का निर्णय लिया है। वहीं मित्र मंडल श्रीडूंगरगढ़ का रामदेवरा पैदल यात्री संघ अपने तय समय पर 7 सितंबर दोपहर सरकारी अस्पताल के पास स्थित बाबा रामदेव मंदिर से भव्य जुलूस के साथ रवाना होगा। संघ व्यवस्थापक देवीलाल उपाध्याय ने बताया कि 9 सितंबर की सुबह संघ नौरंगदेसर के निकट स्टोपेज में होगा। यहां से वोटर गाड़ी में सवार होकर वोट देने आएंगे व वोट देकर पुन: संघ स्थल पहुंचकर पद यात्रा पूर्ण करेंगे। उपाध्याय ने बताया कि कन्याओं के लिए संघ में सभी सुविधा नि:शुल्क है व दंपती के शामिल होने 5500 रूपए शुल्क होगा। सभी पदयात्रियों को पीले रंग की संघ गणवेश दी जाएगी।