




श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2026। मेहनत का कोई विकल्प नहीं है और विद्यार्थी यदि नियमितता व एकाग्रता नहीं छोड़े तो सफलता अवश्य मिलती है। ये प्रेरणा डॉ विजय तेतरवाल ने आरपीएससी की परीक्षाओं की तैयारी कर रहें युवाओं को दी है। डॉ विजय ने चिकित्सा शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्राफेसर के पद पर ऑल राजस्थान 15वीं रैंक हासिल की है। टाइम्स के साथ विशेष बातचीत में उन्होंने बताया कि लिखित परीक्षा अपने नॉलेज से और साक्षात्कार अपने आत्मविश्वास से क्लियर किया जा सकता है।
रेलवे कॉलोनी, श्रीडूंगरगढ़ निवासी डॉ विजय को पुदंलसर में शिक्षक के रूप में सेवारत अपने पिता किशनलाल तेतरवाल व गृहिणी माता से कड़ी मेहनत की ही प्रेरणा मिली। डॉ विजय ने स्कूली शिक्षा श्रीडूंगरगढ़ से पूरी की व एमबीबीएस की पढ़ाई एम्स जोधपुर से पूरी की। उससे आगे एमडी की पढ़ाई उन्होंने सरदार पटेल नगर मेडिकल कॉलेज बीकानेर से पूरी की व वर्तमान में चूरू में नए बने मेडिकल कॉलेज में गेस्ट फैकेल्टी के रूप में कार्यरत है। डॉ विजय ने बताया कि अपने कॉलेज व क्लिनिक का कार्य करते हुए भी उन्होंने नियमित रूप से 5 घंटे अध्ययन को दिए है।
बता देवें जुलाई 2025 में चिकित्सा शिक्षा विभाग के विभिन्न शाखाओं के लिए आरपीएससी ने परीक्षा का आयोजन किया। अगस्त 2026 को लिखित परीक्षा में पास हुए अभ्यर्थियों में चार गुना को साक्षात्कार के लिए बुलाया। मेडिसिन विभाग में 120 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हुए। 12 अगस्त को डॉ विजय का साक्षात्कार हुआ व 17 अगस्त को परिणाम जारी किया गया। जिसमें क्षेत्र का व अपने परिवार का नाम रोशन करते हुए डॉ विजय ने मेडिसिन शाखा में 45 सीटों के लिए जारी परिणाम में पूरे प्रदेश में 15वें स्थान पर चयन हासिल किया है। उनके परिजनों ने गर्व जताया व उनके मित्रों ने उन्हें शुभकामनाएं दी है।




