Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026
0000000000
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अगस्त 2026। गांव गुसाईंसर बड़ा में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करीब 80 लाख रूपए के आभूषण चोरी कर लिए। बड़ी चोरी की घटना से ग्रामीणों में रोष और भय का माहौल है। वहीं लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने क्षेत्र में पुलिसिंग पर सवाल खड़े कर दिए है। ग्रामीण घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे है। ग्रामीणों ने वारदात का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार कर क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
मंगलवार दिन में हुई वारदात, चार महिलाओं का सारे गहने चोरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव में कानेरा बास में स्थित दयालराम पुत्र तारूराम गोदारा के घर में मंगलवार सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच चोरी की वारदात हुई है। चोर बरामदे का कूंडा तोड़कर घर में घुसे और अंदर साल का ताला तोड़ा। साल में रखी करीब साढ़े तीन क्विंटल वजनी लॉकर को तोड़ा। लॉकर में रखी नगदी, दयालराम की पत्नी, दो बहूंए, एक बेटी चार महिलाओं के 35 भरी सोने से अधिक के गहने, 1 किलो से अधिक चांदी चोरी कर लिए। दयाल के दोनों बेटे सूरत में काम करते है और गत वर्ष ही दोनों का विवाह किया। विवाह में बहूओं को दिए गहने चोरी की भेंट चढ़ गए। वहीं पत्नी व विवाहिता बेटी के आभूषण भी चोरों ने पार कर लिए।
वारदात के समय परिवार ढाणी में और दयाल काम पर था।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वारदात के समय दयाल अपना टैंपू लेकर श्रीडूंगरगढ़ आ गया था। उसका परिवार खेत में बनी ढाणी में था। पीछे से चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद परिवार बुरी तरह से सदमे में है। यहां दयाल व उनके भाइयों के नौ मकान आस पास ही है परंतु दिन में सभी अपने काम पर गए और अधिकांश सदस्य ढाणियों में थे। पूरे परिवार में रोष व भय का माहौल है।
पुलिस ने पहुंची दो बार, अब एफएसएल टीम बुलाई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दयालराम कल शाम को पांच बजे श्रीडूंगरगढ़ से घर पहुंचा तो उसे वारदात के बारे में जानकारी हुई। उसने अपने भाइयों को फोन किया और सभी मौके पर पहुंचे। सभी ने चोरों की संख्या दो होने का अनुमान लगाया और पैरों के निशान को ढककर पुलिस को सूचना दी। पुलिस शाम को ही मौके पर पहुंची व देर रात 10 बजे पुन: मौके पर पहुंचकर सभी साक्ष्यों को सुरक्षित किया। बुधवार सुबह पुलिस द्वारा एफएसएल टीम को लेकर घटना स्थल पर पहुंचने की तैयारी की जा रही है।
चोरों की हिमाकत, सीसीटीवी खंगाल रहें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों की संख्या दो है और वे मोटरसाइकिल लेकर आए। ग्रामीणों के अनुमान के अनुसार साढ़े तीन क्विंटल वजनी तिजोरी नहीं टूटने पर चोर युवक गांव में ही स्थित एक पंचर की दुकान पर गए और टायर खोलने के लिए प्रयोग में लिया जाने वाला औजार उससे मांगकर लाए। इन्हीं युवकों के चोर होने का अंदेशा ग्रामीण जता रहें है। पुलिस द्वारा गांव के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहें है।