


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 अगस्त 2026। लखासर गांव में बढ़ते विद्युत भार और उपभोक्ताओं की जरूरतों के बीच बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण स्वीकृति मिली है। 33/11 केवी लखासर जीएसएस पर अतिरिक्त 3.15 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है। इसके बाद जीएसएस की क्षमता मौजूदा 1×3.15 एमवीए से बढ़कर 2×3.15 एमवीए हो जाएगी।
विधायक ताराचंद सारस्वत के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति के बाद विधायक ने बताया कि लखासर क्षेत्र में कृषि कनेक्शनों की बढ़ती संख्या और विद्युत भार को देखते हुए जीएसएस की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इससे जीएसएस पर विद्युत भार का बेहतर बंटवारा हो सकेगा और ओवरलोडिंग की समस्या कम होने की उम्मीद है। साथ ही वोल्टेज में सुधार के साथ बिजली आपूर्ति भी अधिक सुचारु हो सकेगी। इसका विशेष लाभ कृषि कुओं और ट्यूबवेल से सिंचाई करने वाले किसानों को मिलेगा, वहीं घरेलू एवं व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी। विधायक ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर एवं जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारियों का आभार जताया। वहीं अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की मंजूरी मिलने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे लखासर की विद्युत व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।






