August 6, 2026
WhatsApp Image 2026-08-05 at 19.01.13

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 अगस्त 2026। बुधवार को दिन भर उपखंड कार्यालय के निकट ट्रॉमा सेंटर निर्माण शुरू करने व बीकानेर से श्रीडूंगरगढ़ फोरलेन बनाने की मांग को लेकर जबरदस्त धरना प्रदर्शन शाम करीब सात बजे आंदोलन जारी रखने की चेतावनी के साथ तीसरी व अंतिम वार्ता के बाद संपन्न हो गया। युवा नेता हरिराम बाना के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में क्षेत्र के हर गांव से ग्रामीण हजारों की संख्या में आए व ट्रोमा निर्माण की मांग को बल दिया।

तीसरी वार्ता में उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, कार्यवाहक सीएमएचओ, सीओ निकेत पारीक, एनएचआई अधिकारी, तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा, सीआई कश्यपसिंह राघव प्रशासन की और से शामिल हुए। वहीं प्रदर्शनकारियों से हुई वार्ता में ट्रॉमा सेंटर की वैकल्पिक व्यवस्था करने पर सहमति बनी है। वार्ता में अस्थाई ट्रॉमा सेंटर में जीवन रक्षक उपकरण लगाए जाने, 5 दिन में वेंटिलेटर लगवाने, उपजिला अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन एक दो दिनों में ठीक करवाए जाने, श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर सड़क का सर्वे दुबारा करवा कर फ़ॉर लेन के प्रस्ताव भेजे जाने, ट्रोमा निर्माण के लिए जिला प्रशासन को सकारात्मक रिपोर्ट शीघ्र भेजे जाने, तीन डॉक्टर 24 घंटे ऑन कॉल उपलब्ध रहेंगे, की बात पर सहमति बनी है। वार्ता में हरिराम बाना, जतन सिंह राजपुरोहित, राधेश्याम सिद्ध, भगवान नाथ सिद्ध, श्याम सुंदर आर्य, विमल भाटी, विवेक माचरा, नीरू चौधरी, सोहनलाल महिया, लक्ष्मण खिलेरी, सुनील मलिक, रमेश प्रजापत सहित सभी प्रदर्शनकारी शामिल रहें। प्रदर्शनकारियों ने एमओयू नहीं करवाए जाने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। प्रदर्शन कारी तीसरी वार्ता पूरी होने तक हजारों की संख्या में डटे रहें। बाना ने जानकारी देते हुए बताया कि चरणबद्ध ढंग से आंदोलन जारी रहेगा और पांच दिन में ट्रोमा की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने पर 15 अगस्त को बीकानेर में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में श्रीडूंगरगढ़ हाइवे से नेताओं व कर्मचारियों को नहीं जाने देने की चेतावनी भी दी गई। बाना ने सभी प्रदर्शनकारियों से संकल्प करवाते हुए आंदोलन के अगले आह्वान की सूचना देने की बात कही। उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने आंदोलन के मंच पर वार्ता की जानकारी देते हुए फाेरलेन के लिए की गई कार्रवाई व इसकी टैक्निकल जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उपजिला अस्पताल में कल ही एक रूम ट्रोमा सेंटर के लिए निर्धारित कर दिए जाने, एक सर्जन, एक आर्थो, एक फिजिशियन की तैनाती कर दी जाएगी। वहीं अतिशीघ्र वेंटिलेटर लगवाने की जानकारी दी। मंच पर सीओ निकेत पारीक ने दुर्घटना होने के बाद की ईलाज से अधिक जागरूकता का आह्वान किया। पारीक ने कहा कि नशा करके या नशा करने वाले के साथ वाहन में नहीं बैठने की बात कही। वार्ता के बाद युवाओं ने एकता के नारे लगाए व आयोजक हरिराम बाना ने इसे आमजन की सफलता व सकारात्मक जीत बताते हुए सभी आंदोलनकारियों का आभार जताया।