August 6, 2026
00000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 अगस्त 2026। धरनास्थल पर ट्रोमा सेंटर के निर्माण को लेकर भामाशाह पवन चांडक लाइव जुड़े और उन्होंने ट्रोमा निर्माण का एमओयू साइन करवाने के 24 घंटे में निर्माण शुरू करवाने की घोषणा की। इस पर धरना स्थल पर उमडी़ भीड़ में जबरदस्त उत्साह व जोश देखने को मिला। लोगों ने जमकर नारे लगाए। प्रदर्शन स्थल पर युवा नेता हरिराम बाना पूरी तैयारी के साथ आए। ये तैयारी भी चर्चा का विषय बन गई है। प्रशासन से वार्ता विफल होने के बाद बाना ने धरनास्थल पर लगी बड़ी एलईडी स्क्रीन पर विधायक ताराचंद सारस्वत की वीडियो रिकॉर्डिंग चलाई। जिसमें उन्होंने ट्रोमा सेंटर बनवाने का दावा किया व भामाशाह पर आरोप लगाए। इस वीडियो के बाद बाना ने भामाशाह पवन चांडक को कलकत्ता से वीडियो कॉल पर जोड़ा। भामाशाह ने ट्रोमा निर्माण के लिए अपने प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि वे कल भी तैयार थे आज भी तैयार है। चांडक ने कहा कि जयपुर से आदेश जारी करवाया परंतु बीकानेर स्तर पर निर्माण को रोका गया है। वहीं एमओयू जानबूझकर लटकाया जा रहा है, एमओयू साइन नहीं करवाया जा रहा है। चांडक ने स्पष्ट किया कि वे राजनीतिक व्यक्ति नहीं है और अपनी माँ की इच्छा के चलते गांव में जनहितार्थ कार्य करवाने की मंशा रखते है। पांडाल में लाशों पर राजनीति बंद करने की आवाज बुलंद हुई। बाना ने भामाशाह से कहा कि वे 56 करोड़ लगाने को तैयार है या नहीं, इस पर भामाशाह ने कहा कि एमओयू हस्ताक्षर होने के 24 घंटे में निर्माण शुरू करवाएंगे और अतिशीघ्र इसे पूरा करके दिखा देंगे। धरनार्थियों ने एमओयू साइन करवाने के नारे लगाए।