August 5, 2026
0000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अगस्त 2026। तालुका विधिक सेवा समिति के बैनर तले मंगलवार को जयपुर पब्लिक स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) अजीत सिंह राठौड़ ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में विस्तार से समझाते हुए किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि होने पर बिना डर के अभिभावकों व शिक्षकों को तुरंत जानकारी देने की बात कही। राठौड़ ने बच्चों के लिए उपलब्ध कानूनी सहायता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिविर में एडवोकेट अनिल धायल ने विद्यार्थियों को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थोड़ी-सी सावधानी व जरूरी जागरूकता अपनाकर साइबर अपराधों और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचा जा सकता है।
विद्यालय के निदेशक कुंभाराम घिंटाला ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, अनुशासित जीवन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि जागरूकता ही सुरक्षित एवं सफल जीवन की सबसे बड़ी कुंजी है। कार्यक्रम के दौरान तालुका विधिक सेवा समिति के सचिव जगदीश चौधरी, पीएलवी बलराम तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।