




श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 जुलाई 2026। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र की एक युवती ने एक युवक के खिलाफ मोटरसाइकिल पर अपहरण कर ले जाने, ठंडे में नशा पिलाकर बेहोश करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, दिल्ली व इंदौर ले जाकर कई होटलों में जबरन दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज करवाया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 1 जुलाई सुबह 9 बजे वह घर का सामान लेने घर से निकली और आरोपी उसे मोटरसाइकिल लेकर रास्ते में मिला। वह उसे मोटरसाइकिल पर बिठाकर श्रीडूंगरगढ़ रेलवे स्टेशन ले गया। यहां ठंडा पिलाया जिससे वह बेहोश हो गई और जब होश आया तो वह दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच गई। उसके शोर मचाने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकियां दी और दूसरी ट्रेन से इंदौर ले गया। वहां युवक के दो जानकारों की मदद से एक कमरे में रोककर जबरन दुष्कर्म किया। आरोपी उसे अगले दिन दिल्ली ले आया और 10 जुलाई तक अलग अलग होटलों में ले जाकर खोटा काम किया। पीड़िता ने बताया कि 2 साल से उसकी फोन पर आरोपी से बातचीत हो रही थी और करीब एक साल पहले आरोपी रात को 12 बजे उसके घर में घुस आया। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया व उसके फोटो वीडियो बना लिए। अश्लील वीडियो से उसने उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। परिजन उसे 11 जुलाई को दिल्ली से श्रीडूंगरगढ़ थाने ले आए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


