





एकलव्य पब्लिक स्कूल में बच्चों ने किया गुरूपूजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरू पूर्णिमा के पर्व पर अंग्रेजी माध्यम के एकलव्य पब्लिक स्कूल में गुरू पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने गुरू महिमा का गुणगान करने वाली नाटिका की प्रस्तुति दी व कविता पाठ किया। बच्चों ने स्कूल के सभी गुरूओं का तिलक लगाकर अभिनंदन किया चरण वंदन कर आशीर्वाद लिया। स्कूल के निदेशक रिछपालसिंह राठौड़ ने बच्चों को ज्ञान से जोड़ने के लिए गुरू का स्थान सर्वोपरी बताते हुए सदैव गुरूजनों का सम्मान करने की प्रेरणा दी। प्राचार्य पवन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को भारतीय परंपरा में गुरू के स्थान का महत्व बताते हुए हर युग में गुरू को बच्चों का सच्चा सहयोगी बताया। इस दौरान स्कूल का पूरा स्टाफ व सभी बच्चों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।

गांव बिग्गा में गुरू जसनाथजी आश्रम में सत्संग का आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव बिग्गा में स्थित गुरू जसनाथजी आश्रम में गुरू पूर्णिमा के पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने समाधि दर्शन कर गुरू जसनाथजी का स्मरण किया। संत प्रेमनाथजी महाराज ने श्रद्धालुओं से गुरू जसनाथजी के बताए नियमों का पालन करने और ह्रदय में सदैव गुरू का स्मरण करने की प्रेरणा दी।

राजपुरोहित सभा भवन में गुरू पूर्णिमा पर किया गुरूपूजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को राजपुरोहित समाज द्वारा समाज भवन में आयोजित कार्यक्रम में समाज के आराध्य संत खेतारामजी महाराज की विशेष पूजा अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने गुरू परंपरा में श्रद्धा व्यक्त करते हुए संत खेतारामजी के चरणों में वंदन कर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के सुंदरकांड पाठ व ज्योत आरती का आयोजन संपन्न किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में राजपुरोहित समाज के लोग शामिल हुए और सहभोज का आयोजन भी संपन्न हुआ।

गुरू पूर्णिमा पर भाजपा शहर मंडल ने संत रविदासजी महाराज का पूजन किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरू पूर्णिमा पर भाजपा शहर मंडल के कार्यकर्ताओं ने संत रविदासजी महाराज का पूजन किया। मंडल सदस्यों ने ‘संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान’के तहत बिग्गाबास में स्थित गंगामाई मंदिर में गुरु रविदास जी महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका स्मरण किया। मंडल अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी व मोमासर अध्यक्ष नरेश मोट ने कहा कि संत रविदास जी महाराज ने समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश देकर समाज के वंचित एवं उपेक्षित वर्गों में आत्मसम्मान और नई चेतना का संचार किया। उनके विचार आज भी विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम में भवानी तावणियां, मंडल उपाध्यक्ष गजानंद दाधीच, शहर मंत्री महेंद्र पारीक, शहर महामंत्री मदन सोनी, श्रीचंद रेगर, चम्पालाल रेगर, अर्जुन रेगर, रामावतार प्रजापत सहित भाजपा पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की पहली बैठक व शपथ ग्रहण समारोह संपन्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर ग्रामीण अल्पसंख्यक विभाग की पहली बैठक और शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को वैटरनरी ऑडिटोरियम में जिलाध्यक्ष सत्तुखान पड़िहार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, नवनियुक्त पदाधिकारी व अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। संगठन की मजबूती को लेकर मंथन किया गया व आगामी पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों की रणनीति को प्रभावी बनाने के बारे में चर्चा की गई। बैठक में नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी, पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी, कांग्रेस कमेटी देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, पूर्व जिला प्रमुखा सुशीला सिंवर, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा सहित जिले भर से अनेक नेता, संगठन पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।







