





श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 29 जुलाई 2026। 23 से 29 जुलाई तक आयोजित योनेक्स सनराइज जूनियर एवं सीनियर राजस्थान बैडमिंटन प्रतियोगिता-2026 में बीकानेर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। प्रदेशभर से करीब 800 खिलाड़ियों की मौजूदगी में बीकानेर की होनहार शटलर काव्या स्वामी ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। काव्या ने अंडर-19 गर्ल्स डबल स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इसके बाद अंडर-19 मिक्स डबल मुकाबलों में भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं सीनियर मिक्स डबल वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए उन्होंने रजत पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में बीकानेर की पूनम स्वामी ने सीनियर गर्ल्स डबल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर जिले की उपलब्धियों में एक और पदक जोड़ा। वहीं जागृत बिनाणी ने भी सीनियर वर्ग में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए बीकानेर का मान बढ़ाया। इन खिलाड़ियों की सफलता में कोच हेमंत मोदी के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के समापन पर बीकानेर बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव नारायण दास पुरोहित ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि काव्या स्वामी सहित बीकानेर के खिलाड़ियों की यह सफलता जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।







