






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 जुलाई 2026। क्षेत्र के एक गांव में पिछले करीब एक पखवाड़े से सभी छह सरकारी ट्यूबवेल बंद पड़े होने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। हालात यह हैं कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए निजी टैंकरों पर निर्भर है और वे आर्थिक बोझ से परेशान है। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है।
गांव लिखमीसर उत्तरादा के ग्रामीणों ने बताया कि गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर, सांवतसर रोड, नवजागृति स्कूल के पास, ग्राम सेवा सहकारी समिति के निकट, श्मशान भूमि तथा वीर बिग्गाजी मंदिर के पास स्थित सभी छह ट्यूबवेल पिछले लगभग 15 दिनों से बंद पड़े हैं। इससे पूरे गांव की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है। लोगों को पेयजल के लिए भी भारी परेशानी उठानी रहें है। ग्रामीण मूलाराम ज्याणी, पप्पूराम ज्याणी, नारायणराम भुवांल, मांगीलाल राहड़, गणेश जाखड़, रामचंद्र शर्मा और जैसाराम धतरवाल सहित अनेक लोगों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जल्द से जल्द सभी ट्यूबवेल दुरुस्त कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।
वहीं, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी कैलाश वर्मा ने बताया कि विभाग को दो ट्यूबवेल खराब होने की सूचना मिली है। मंगलवार सुबह मशीन भेजकर उन्हें दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि गांव के सभी छह ट्यूबवेल बंद हैं, जिससे पूरे गांव में पेयजल संकट गहरा गया है।




