






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 जुलाई 2026। श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने सोमवार को जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की व क्षेत्र में निरंतर व शुद्ध पेयजल आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विदित रहे कि क्षेत्र में नए अधिकारियों की पदस्थापना ट्रांसफ़रो के दौर के बाद हुई है। ऐसे में नए पदस्थापित हुए जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता के साथ बैठक में विधायक सारस्वत ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों में पेयजल पाइप लाइनों, जलापूर्ति व्यवस्था तथा आमजन से प्राप्त शिकायतों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को समय पर पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के सभी नलकूपों का नियमित निरीक्षण एवं तकनीकी परीक्षण किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की खराबी को समय रहते दूर किया जा सके। साथ ही पेयजल आपूर्ति में लगे कर्मचारियों की निरंतर मॉनिटरिंग रखी जाए तथा उनकी कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा करते हुए जल वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करे। विधायक सारस्वत ने क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप लाइनों की शीघ्र मरम्मत, जलापूर्ति व्यवस्था का नियमित रखरखाव एवं फील्ड स्तर पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा बढ़ती जल मांग को ध्यान में रखते हुए अभी से रणनीतिक कार्ययोजना बनाकर आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएं, ताकि भविष्य में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने विधायक को विभिन्न योजनाओं एवं प्रगतिरत कार्यों की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि विधायक के निर्देशानुसार सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा तथा क्षेत्र में निर्बाध एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग पूरी तत्परता से कार्य करेगा। विदित रहे कि क्षेत्र के अनेकों गांवों से लगातार पेयजलापूर्ति में शिकायतें आ लगातार सामने आ रही है।





