






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 जुलाई 2026। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार पीएम श्री विद्यालयों के गुणवत्तापूर्ण एवं मानक आधारित मूल्यांकन के तहत उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा व सीबीईओ सरोज पूनियां ने क्षेत्र के तीन पीएम श्री विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कितासर, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीडूंगरगढ़ तथा पीएम श्री राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, केऊ पुरानी पहुंच कर विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तृत अवलोकन किया गया। उपखंड अधिकारी ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, स्मार्ट कक्षाओं, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, खेल गतिविधियों, स्वच्छता एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन करते हुए स्कूल में किए जा रहे नवाचारों और निर्धारित मानकों के अनुरूप विद्यालयों की प्रगति की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी अधिगम क्षमता का आंकलन किया तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित मूल्यांकन, नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियों और विद्यालय परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उपखंड अधिकारी ने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं समग्र शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।





