






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 जुलाई 2026। सेसोमूं स्कूल में कारगिल विजय दिवस देशभक्ति एवं राष्ट्रगौरव की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के अमर वीर कैप्टन विक्रम बत्रा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। विद्यालय के चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा एवं वाइस चेयरपर्सन श्रीमती पद्मा मूंधड़ा की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के दौरान वायु सेना में अपनी सेवाएं दे चुके एवं वर्तमान में विद्यालय के शारीरिक शिक्षक रामनिवास बेनीवाल ने कारगिल युद्ध के वीर योद्धाओं कैप्टन विक्रम बत्रा, कैप्टन मनोज कुमार पांडेय, सूबेदार मेजर योगेंद्र सिंह यादव तथा राइफलमैन संजय कुमार सहित अन्य शहीदों के अद्वितीय साहस, शौर्य एवं बलिदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन वीर सैनिकों के अदम्य पराक्रम के लिए उन्हें देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। प्राचार्य सुब्रत कुंडू ने अपने संबोधन में कहा कि देशभक्ति केवल सीमा पर जाकर देश की रक्षा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने दैनिक जीवन में जिम्मेदार नागरिक के रूप में कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना भी सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों को बिजली एवं पानी की बचत, पर्यावरण संरक्षण तथा सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा जैसे कार्यों के माध्यम से भी राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन बबीता सक्सेना ने किया। इस अवसर पर एकेडमिक कॉर्डिनेटर फरियाद अली काजी, पंकज पारीक, घनश्याम गौड़ सहित 35 शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा 300 छात्रों एवं 240 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।





