






1- हनुमान धोरा में 26 से 28 जुलाई तक तीन दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर होगा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरु पूर्णिमा एवं श्रंगी ऋषि जयंती के उपलक्ष्य में हनुमान धोरा मंदिर परिसर में 26 से 28 जुलाई तक तीन दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन कंचन सेवा संस्था, उदयपुर की टीम के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार शिविर में कमर दर्द, घुटने का दर्द, मोटापा, गैस, कब्ज, किडनी संबंधी समस्याएं, हृदय रोग, थायराइड, एसिडिटी, अनिद्रा, त्वचा रोग, असाध्य रोग, एलर्जी तथा रीढ़ की हड्डी के दर्द सहित विभिन्न बीमारियों का निःशुल्क परामर्श एवं उपचार किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर से संबंधित जानकारी के लिए सांवरमल माली (97832-47973), गोपाल जाट (89497-59536) एवं सुखदेव सिखवाल (89552-95047) से संपर्क किया जा सकता है।
2- बालाजी मंदिर में गूंजेगा ‘ॐ नमः शिवाय’, सात दिवसीय अखंड संकीर्तन होगा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 जुलाई 2026। 29 जुलाई से शिवपूजन के लिए विशेष श्रावण माह का आरंभ हो रहा है। बालासा भक्त मंडल, श्रीडूंगरगढ़ के बैनर तले 30 जुलाई से प्राचीन पुनरासर बालाजी मंदिर, बिग्गा बास में प्रतिदिन सुबह 9 से 10 बजे तक संगीतमय ‘ॐ नमः शिवाय’ कीर्तन का आयोजन होगा। इसके अलावा 15 अगस्त से मंदिर परिसर में ‘हरे राम-हरे कृष्ण’ महामंत्र का सात दिवसीय अखंड संकीर्तन आयोजित किया जाएगा। मंडल ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित आयोजन में शामिल होकर भक्ति एवं प्रभु-स्मरण का पुण्य लाभ लेने की अपील की है। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
स्कूलों में पहुंचे छात्र संगठन के नेता, 500 से अधिक विद्यार्थियों को बनाया सदस्य।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जोधपुर प्रांत द्वारा संचालित ‘धरती धोरां री’ सदस्यता अभियान के तहत शुक्रवार को श्रीडूंगरगढ़ के विभिन्न विद्यालयों में छात्र संगठन के पदाधिकारियों ने पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें संगठन की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। अभियान के दौरान एक ही दिन में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने अभाविप की सदस्यता ग्रहण की। संगठन का यह विशेष सदस्यता अभियान 30 जुलाई तक निरंतर चलेगा। अभियान के तहत परिषद के पदाधिकारी कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से सीधे संपर्क कर उन्हें संगठन के उद्देश्य, कार्यपद्धति एवं छात्र हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दे रहे हैं। इस दौरान जिला संयोजक करण कुमार जड़ीवाल एवं नगर मंत्री राघव लखोटिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास का सशक्त मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। छात्र नेताओं ने बताया कि विद्यार्थियों में अभियान को लेकर उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में युवा परिषद से जुड़ रहे हैं।







