July 14, 2026
000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 जुलाई 2026। सरकारी टीम ने अतिक्रमण हटवा कर पत्थरगढ़ी करवाई और अतिक्रमणकारियों ने पट्टियां तोड़ डाली। परिवादी ने श्रीडूंगरगढ़ थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। मामले की जांच एसआई पवन शर्मा करेंगे।
पवन शर्मा ने बताया कि आड़सर पुरोहितान निवासी मनोहरसिंह पुत्र भगवंतसिंह राजपुरोहित ने इसी गांव के निवासी दो भाई मोहनसिंह व नरेंद्र सिंह तथा अजीतसिंह व अन्य के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि गांव की रोही में उसकी संयुक्त खातेदारी 1565 हेक्टेयर भूमि मौजूद है। उसकी कृषि भूमि का राजस्व रिकॉर्ड के नक्शा अनुसार 0.1671 हेक्टेयर रकबा कम है। उसके आवेदन पर राजस्व नक्शा के अनुसार 28 मई 2025 को न्यायालय ने पत्थरगढ़ी का आदेश दिया। प्रशासन ने टीम का गठन किया और 11 मई 2026 को टीम ने मौके पर पहुंच कर निशानदेही कर पत्थरगढ़ी के रूप में पट्टियां रोपी गई। मौके पर अतिक्रमण के रूप में मोहनसिंह व अजीतसिंह के मकान व नरेंद्र सिंह के बाड़े का कुछ हिस्सा अतिक्रमण में आया, जिसे मौके पर हटाया नहीं गया। परंतु निशानदेही देकर राजस्व रिकॉर्ड के नियमानुसार निशानदेही देकर पत्थरगढ़ी करवाई गई। जब 22 मई 2026 को सुबह करीब 9 बजे परिवादी मौके पर गया, तो आरोपी के घर व बाडे के आगे लगवाई गई पट्टियां नहीं मिली। आरोपियों ने पट्टियां तोडकर ठाकुरजी मंदिर के पास डाल दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।