July 14, 2026
WhatsApp Image 2026-07-13 at 20.18.49

भारतीय किसान संघ की श्रीडूंगरगढ़-सूडसर तहसीलों की संयुक्त मासिक बैठक सम्पन्न
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारतीय किसान संघ की श्रीडूंगरगढ़ एवं सूडसर तहसीलों की संयुक्त मासिक बैठक सोमवार को तहसील अध्यक्ष बजरंग धारणियां की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में किसानों से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से संपर्क करने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जोधपुर विद्युत वितरण निगम के एक्सईएन एवं एईएन से मुलाकात कर हाल ही में आई आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त विद्युत खंभों, तारों तथा अन्य उपकरणों की शीघ्र मरम्मत एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की। मंडल ने कहा कि क्षतिग्रस्त विद्युत ढांचे के कारण कई स्थानों पर किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कृषि विभाग के सहायक निदेशक (एडी) से भी मुलाकात कर किसानों को बीज का वितरण समय पर एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने की मांग रखी। बैठक में जिला कार्यकारिणी सदस्य बलवंत सेन, श्रवण सिंह पुंदलसर, ग्राम अध्यक्ष (सांवतसर) मांगीलाल बिश्नोई, मांगीलाल धारणिया सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।
बीरमसर में नए जल हौद व अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की उठी मांग
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्राम पंचायत जालबसर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान बीरमसर गांव के ग्रामीणों ने पेयजल एवं विद्युत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। भीम आर्मी के तहसील अध्यक्ष लालचंद गोयल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में गांव में दो नए जल हौदों के निर्माण तथा एक अतिरिक्त विद्युत ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि बीरमसर के मेघवाल मोहल्ले में स्थित जल हौद काफी समय से जर्जर एवं क्षतिग्रस्त अवस्था में है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल व्यवस्था में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके स्थान पर नया जल हौद बनवाने की मांग की गई है। इसके अलावा बीरमसर-जालबसर मार्ग पर हरिरामजी मंदिर के समीप स्थित जल हौद भी पिछले करीब तीन वर्षों से क्षतिग्रस्त है। उसका ऊपरी हिस्सा टूट चुका है, जिससे वह उपयोग के योग्य नहीं रहा। ग्रामीणों ने यहां भी नए जल हौद के निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी बताया कि गांव में एक ही ट्रांसफार्मर पर अधिक संख्या में विद्युत कनेक्शन जुड़े होने से लंबे समय से कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। समस्या के स्थायी समाधान के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई।