






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 जुलाई 2026। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में जेके सीमेंट द्वारा यहां बड़ा प्लांट स्थापित किया जा रहा है एवं इस प्लांट में लगे सैंकड़ो कार्मिकों द्वारा वहां से गुजर रहे रेलवे ट्रेक के पास गंदगी फैलाई जा रही है। ट्रेक निरीक्षण पर नियमित पहुंचने वाले रेलवे कार्मिकों ने इस सबंध में कई बार समझाइश की लेकिन प्लांट के मजदूरों द्वारा रेलवे ट्रेक के पास शौच जाना बंद नहीं किया गया। इस पर उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ द्वारा अधिकारियों के साथ बैठक कर यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। संघ के शाखा सचिव सीताराम गोदारा ने बताया कि जेके प्लांट के कार्मिकों द्वारा परसनेऊ से शीतलनगर के बीच के क्षेत्र में लगातार गंदगी फैलाई जा रही थी। बैठक में यह मुद्दा उठने के बाद शनिवार के रेलवे पुलिस जेके प्लांट पर पहुंची और प्लांट का निरीक्षण कर जेके प्लांट के कार्मिकों, मजदूरों, मैनेजर को रेलवे ट्रेक के पास गंदगी नहीं फैलाने के लिए पाबंद किया गया। प्लांट प्रबंधन ने भविष्य में ऐसा नहीं होने देने का आश्वासन दिया।



