July 10, 2026
9-kishnaram

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जुलाई 2026। “ना निगलते बने ना उगलते बने” ये स्थिति इन दिनों श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में ही नहीं प्रदेश भर में शिक्षा विभाग की नजर आ रही है। क्षेत्र के गांव तोलियासर, बाना, धनेरू के सरकारी स्कूलों में कक्षाओं की टूटकर गिरी पट्टियों ने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है। जयपुर में उच्चाधिकारियों की बैठक में बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं करने और जर्जर कमरों में बच्चों को नहीं बिठाए जाने के स्पष्ट आदेश दिए गए।
गुरूवार को बीकानेर समग्र शिक्षा के अतिरिक्त जिला परियोजना अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने जर्जर कमरे गिराने के आदेश जारी किए है। श्रीडूंगरगढ़ अंच के 37 गांवो के 45 स्कूल में 237 कक्षाकक्ष, दो स्कूलों के पूरे भवन, शौचालय, पानी की टंकियां गिराने के निर्देश दिए गए है। ऐसे मे बड़ा सवाल विभाग के सामने खड़ा हो गया है कि इन स्कूलों में बच्चों को कहां बिठाया जाएगा व कैसे पढ़ाया जाएगा.? अभिभावक वर्ग में इसके लिए चिंता का माहौल बन गया है। वहीं आदेश जारी होने के बाद स्कूलों में अफरा तफरी सी मच गई है। संस्थाप्रधान उच्च अधिकारियों से संपर्क कर बच्चों को कहां बिठाएंगे? के सवाल कर रहें है। वहीं कुछ संस्था प्रधानों ने वैकल्पिक व्यवस्था के प्रबंध तलाश शुरू कर दी है। कुछ संस्थाप्रधान दुबारा सर्वे करवाने व कुछ अच्छी स्थिति के कमरों को भी इसमें शामिल कर लिए जाने की बात भी कह रहें है। पूनरासर के ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए सवाल खड़े किए है। लिखमीसर दिखणादा में गत एक साल से राउमावि व राप्रावि पंचायत भवन के छोटे से परिसर में बमुश्किल संचालित हो रही है। एक साल से सरकार कोई समाधान यहां नए भवन के लिए नहीं कर पाई है, ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में कक्षाकक्षों को गिराने से स्कूलों में भारी समस्याएं मुंह बाए खड़ी हो जाएगी।
साँप-छछूंदर की गति होना, निर्माण योजना अंधेरे में..
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शिक्षा विभाग की स्थिति सांप छछूंदर की गति होना को चरितार्थ कर रही है जिसमें न आगे बढ़ा जाए, न पीछे हटा जाए। शिक्षा विभाग के लिए 2026-27 का सत्र संकटकाल की तरह साबित होगा। केवल श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में ही 10 करोड़ के निर्माण धवस्त करने के आदेश दिए गए है। शिक्षा विभाग या सरकार ने कोई निर्माण का ड्राफ्ट नहीं बनाया। विभाग के पास बच्चे कहां बैठेंगे और कैसे पढेंगे का कोई जवाब नहीं है। अधिकारी जहां विभाग में मनन चलने की बात कह रहें है वहीं फिलहाल कोई दूर तक समाधान नजर नहीं आ रहा है। जिससे स्कूल स्टाफ व विद्यार्थी ही नहीं हजारों की संख्या में अभिभावक भी चिंतित व परेशान है।
बच्चों के भविष्य से नेताओं का क्या सरोकार?
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पक्ष या विपक्ष के नेता छात्रहित में कोई कार्य अभी तक नहीं करवा सके है। कालू बास के माहेश्वरी बालिका राउप्रावि के निरीक्षण के करीब एक साल हो जाने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकाला जा सका है। आमजन और जरूरतमंदो के बच्चों पर मंडरा रहें इस संकट के लिए कोई आवाज उठती नजर नहीं आ रही। कुछ लोगों का कहना है कि मुद्दा राजनीति का होता तो उछाल खा जाता परंत मामला शिक्षा का है, और शिक्षा के लिए आवाज कौन उठाएगा?
इन स्कूलों में जर्जर भवनों को गिराने का दिया आदेश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के आड़सर बास में श्रीजमालद्दीन चुनगर राप्रावि व बेनीसर राप्रावि के पूरे भवन ही जर्जर हो गए है और इसे जमींदोज करने के निर्देश दिए गए है। वहीं सोनियासर के शहीद हेतराम गोदारा राउमावि में स्थित जर्जर 17 कक्षाकक्ष, बेनीसर के राउमावि परिसर में 14 कक्षाकक्ष, पूनरासर के राउमावि में 13 कक्षाकक्ष, धर्मास के राउमावि में 17 कक्षाकक्ष, बाना के राउमावि परिसर में 11 जर्जर कक्षाकक्ष, लोडेरा के राउमावि परिसर में जर्जर 11 कक्षाकक्ष, कीतासर के पीएमश्री राउमावि परिसर में 15 कक्षाकक्ष, गुसाईंसर बड़ा के राउमावि भवन में जर्जर 9 कक्षाकक्ष, पानी की टंकी, 1 शौचालय, धोलिया के राउमावि परिसर में 6 जर्जर कक्षाकक्ष मय बरामदा, जालबसर के राउमावि परिसर में जर्जर 6 कक्षाकक्ष, सोनियासर गोदारन के राउमावि में 2 कक्षाकक्ष, सोनियासर शिवदानसिंह के राउमावि परिसर में 4 कक्षाकक्ष, सोनियासर गोगलियान के राबाउप्रावि में 3 जर्जर कक्षाकक्ष व 3 पानी के टांके, राउमावि कुनपालसर में 6 कक्षाकक्ष, रसोईघर व स्टोर रूम, झंझेऊ के राउमावि में 1 कक्षाकक्ष, रसोईघर व स्टोर, केऊ पुरानी के पीएमश्री राउमावि में 6 कक्षा कक्ष, शौचालय, पानी की टंकी, राउमावि जाखासर नया के परिसर में 6 कक्षाकक्ष, केऊ नई के राउप्रावि में 1 कक्षाकक्ष, आड़सर के राउमावि में 3 जर्जर कक्षा कक्ष, राउमावि डेलवां के परिसर में स्थित जर्जर 8 कक्षाकक्ष, पानी का टांका, बिग्गाबास रामसरा के शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी राउमावि में 7 कक्षाकक्ष, कुंतासर के राउमावि के 9 कक्षाकक्ष गिराने, नोसरिया के राउमावि में स्थित जर्जर पानी का टांका, बापेऊ में राउमावि परिसर में 4 कक्षाकक्ष, सूडसर के राउमावि के 2 कक्षाकक्ष, दुलचासर के राउमावि में 7 कक्षाकक्ष, हेमासर के राउप्रावि में 2 कमरे, बींझासर के राउमावि परिसर में 6 कमरें, राजपुरा के राउप्रावि के परिसर में 5 कक्षाकक्ष, घोड़ेवाला ताल राउप्रावि परिसर में जर्जर 3 कक्षाकक्ष, बरजांगसर के एमजीजीएस विद्यालय परिसर में 2 कक्षाकक्ष, राउमावि परिसर में 4 कक्षाकक्ष, इसी गांव में सुखराम का कुंआ स्थित राउप्रावि में 1 कक्षाकक्ष, शोचालय, टांका गिराने, तुलछनाथ की ढाणी स्थित राप्रावि में 1 कक्षाकक्ष व रसोईघर, इंदपालसर गुसाईंसर के राउमावि परिसर में 2 कक्षाकक्ष, अमृतवासी राउमावि में 2 कक्षाकक्ष, लालासर के राउप्रावि में 2 कक्षाकक्ष, 1 स्टोर, राजेडू के राउमावि परिसर में 4 कक्षाकक्ष, धीरदेसर चोटियान में राबाउमावि परिसर के 2 कक्षाकक्ष मय बरामदा, सातलेरा के राउमावि परिसर में 2 कक्षाकक्ष, अभयसिंहपुरा के राउप्रावि में 5 कक्षाकक्ष, जैसलसर के राउप्रावि में 5 कक्षाकक्षों को जमींदोज करने के निर्देश दिए गए है।