






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जुलाई 2026। ग्राम सेवा सहकारी समिति लाइब्रेरी, बापेऊ की ओर से विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पहली बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ अध्यक्ष मनेश कुमार महिया की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। फाइनल के रोमांचक मुकाबले में सुनील नाई एवं सोहन महिया की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं मनीष ढाढ़ी एवं पवन नाथ की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। लाइब्रेरी संचालक राकेश कुमार सारण ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास को ध्यान में रखते हुए खेल एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सारण ने बताया कि इस लाइब्रेरी के एक दर्जन से अधिक विद्यार्थी सरकारी नौकरियों में चयनित हो चुके है। उपस्थित लोगों ने इसे ग्रामीण क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाली सराहनीय पहल बताते हुए आयोजक की सराहना की।


