






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 जुलाई 2026। 7 माह पहले ही बहन का विवाह हुआ और भाई ने थाने पहुंच कर बहनोई सहित तीन के खिलाफ बहन की जान को खतरा होने की बात कहते हुए मामला दर्ज करवाया है।
श्रीडूंगरगढ़ थाने में क्षेत्र के गांव कल्याणसर नया निवासी रामकिशन पुत्र सहीराम जाट ने कुनपालसर निवासी अपने जीजा अमित व उसके पिता लाधुराम सिहाग व उसकी मां के खिलाफ बहन से मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन महिमा का विवाह करीब सात महीने पहले आरोपी अमित के साथ संपन्न हुआ। तब से बहन ससुराल रहने लगी और विवाह के बाद से ही पति अमित, ससुर व सास कम दहेज के लिए तंग परेशान करने लगे। कुछ दिनों बाद ही आरोपी उसके साथ मारपीट करने लगे। 3 जुलाई की सुबह उसकी बहन का फोन आया और रोते हुए उसने बताया कि उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकियां दे रहें है। परिवादी ने इस बात का ओलमा दिया तो आरोपी ने ऐसे ही करने व उसके साथ भी मारपीट करने की धमकी दी। परिवादी ने आरोपियों से अपनी बहन की जान को खतरा होने का आरोप लगाते हुए अपनी बहन को उसके ससुराल से पीहर लेकर आने में कानूनी सहायता मांगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई राजेंद्र कुमार को सौंप दी है।




