July 2, 2026
4

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 जुलाई 2026। गांव रीड़ी में श्रीसालानाथजी जीवित समाधि पर मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का सप्तदिवसीय आयोजन गुरूवार को हवन पूजन के साथ संपन्न हुआ। हवन में पूर्णाहुति देते हुए सभी श्रद्धालुओं ने गांव व क्षेत्र की खुशहाली के लिए सामूहिक प्रार्थना की। बीती रात बाड़ी में जम्मा जागरण का आयोजन भी संपन्न हुआ। जम्मा में नगाड़े पर सूरजनाथ जाखड़ रीड़ी रहें, वहीं माननाथ ज्यानी सहित अनेक कलाकार शामिल हुए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाते हुए सबद सुनकर भक्ति रस का आनंद लिया। इससे पूर्व बुधवार को बाड़ी में आयोजित सप्त दिवसीय भागवत कथा भी भव्य शोभायात्रा के साथ संपन्न हुई।
अंतिम दिन कथा में बिग्गा बाड़ी से संत प्रेमनाथजी महाराज, किसान नेता तोलाराम जाखड़, देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सिहाग, क्षेत्र के युवा कांग्रेसी नेता हरिराम बाना ने पहुंच कर समाधि दर्शन किए। आयोजकों ने अतिथियों का मंच पर सम्मान किया। कथावाचक रामप्रसाद शास्त्री ने आयोजक परिवार का आभार जताया व भागवत आयोजन को भक्तों के लिए भक्ति गंगा के समान पवित्र व पुण्यशाली बताया। महाराज ने मित्रता, भगवत प्रेम व जीवन के अंतिम सत्य मोक्ष के बारे में बताते हुए श्रद्धालुओं को नैतिक मूल्यों व धर्मपालन की प्रेरणा दी। आयोजकों ने कथावाचक का सम्मान किया। कथा संपन्न होने पर वीर बिग्गाजी व वीर तेजाजी सहित विभिन्न देवी देवताओं की झांकिया सजाई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए।