







बाहेती भवन में बाल योग समर कैम्प जारी, योग- प्राणायाम के साथ परिश्रम एवं अनुशासन का पढ़ाया पाठ
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जून 2026। कस्बे के आडसर बास स्थित बाहेती भवन में महापुरुष समारोह समिति के तत्वावधान में बच्चों के लिए बाल योग समर कैंप जारी है। आज बुधवार दूसरे दिन संस्था मंत्री सुशील सेरडिया ने सभी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि योग से शरीर की समस्त शक्तियां जागृत होती है। बच्चे अपने माता पिता एवं गुरुजनों के निर्देशों का पालन करते हुए अनुशासन से जीवन पथ पर आगे बढे। कठिन परिश्रम एवं अनुशासन से असाधारण लक्ष्यों को सरलता से प्राप्त किया जा सकता है। शिविर में योगाचार्य ओम प्रकाश कालवा एवं उनकी टीम ने बच्चों को सहजता के साथ योग की अलग अलग क्रियाओं का अभ्यास करवाया एवं चरित्र निर्माण के टिप्स बताए। शिविर संयोजक ललित बाहेती ने बताया कि आज दूसरे दिन 107 बच्चों की भागीदारी रही। इस दौरान समिति के सुरेश भादानी, ओमप्रकाश सारस्वत उपस्थित रहे।

ठुकरियासर में शुरू हुई दूसरे टयुबवैल की खुदाई, ग्रामीणों ने जताया विधायक का आभार
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जून 2026। सरपंच एवं प्रशासन के बीच में विवाद के चलते लंबे समय से पेयजल संकट से ग्रसित गांव ठुकरियासर में अब ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। यहां पूर्व सरपंच गोपालनाथ सिद्ध की अगुवाई में ग्रामीणों ने विधायक के यहां गुहार लगाई थी एवं विधायक के हस्तक्षेप से नए टयुबवैलों की खुदाई शुरू हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में गांव के सारस्वत मोहल्ले में सप्लाई के लिए छोटे जोहड़ में सरसजी धोरे के पास नए टयुबवैल की खुदाई शुरू हो चुकी थी एवं अब मेघवाल मोहल्ले में सप्लाई के लिए देपलाणिया जोहड़ में टयुबवैल की खुदाई शुरू हो गई है। एक समय में ही दो टयुबवैल मशिनें लगने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है एवं गांव की पेयजल सप्लाई सकंट दूर होने की उम्मीद है। टयुबवैल मशिन शुरू होने पर मोमासर मण्डल उपाध्यक्ष ओमनाथ सिद्ध, तुलसीराम सारण, जेठनाथ, भोजाराम गोदारा, हरूनाथ, गोमदराम स्वामी, लिच्छुनाथ, हड़मान गोदारा, तनानाथ सिद्ध, कालूराम ढाढी, महेंद्र कुमार, पवन कुमार, तुलसीराम नाई, हंसनाथ सिद्ध, रामलाल नाई, सत्यनारायण शर्मा, कैलाश सिद्ध आदि ने विधायक ताराचंद सारस्वत एवं पूर्व सरपंच गोपालनाथ सिद्ध का आभार जताया।

दुकानदार ने मोबाइल ठीक करने के लिए लिया, नहीं लौटाया वापिस, थाने में मामला दर्ज
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जून 2026। कस्बे के बिग्गाबास निवासी एक व्यक्ति ने एक मोबाईल की दुकानदार पर मोबाईल हड़पने का मामला जरिए इस्तगासे पुलिस थाने में दर्ज करवाया है। परिवादी बिग्गाबास निवासी सत्यनारायण पुत्र रामेश्वरलाल सोनी ने परिवाद में बताया गया कि उसने अपना VIVO Y51A मोबाइल स्क्रीन ठीक करवाने के लिए 13 फरवरी 2026 को बिग्गाबास स्थित A TO Z मोबाइल के संचालक गुडू सिंधी को दिया था। स्क्रीन बदलने के लिए 1,200 रुपये तय हुए थे और दो-तीन दिन में मोबाइल लौटाने का आश्वासन दिया गया था। आरोप है कि कई बार चक्कर लगाने के बाद भी मोबाइल वापस नहीं दिया गया और बाद में गुडू सिंधी ने कथित रूप से यह कह दिया कि उसने मोबाइल बेच दिया है तथा आगे दुकान पर मोबाइल लेने नहीं आने की बात कही। वहीं पुलिस ने एक बार दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की तो आरोपी ने मोबाइल या उसकी कीमत 15-20 दिनों मे लौटाने की बात कही, लेकिन आरोपी ने अब तक ऐसा नहीं किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई भगवानाराम को सौंपी गई है।
करण जाड़ीवाल बने एबीवीपी बीकानेर जिला संयोजक, प्रांत अभ्यास वर्ग में हुई दायित्व घोषणा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जून 2026। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण दायित्व घोषणाएं करते हुए बीकानेर जिले की कमान युवा कार्यकर्ता करण जाड़ीवाल को सौंपी है। जोधपुर में आयोजित चार दिवसीय प्रांत अभ्यास वर्ग के समापन अवसर पर यह घोषणा की गई। करण जाड़ीवाल को बीकानेर जिला संयोजक बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है तथा उन्हें शुभकामनाएं दी जा रही हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जोधपुर प्रांत का चार दिवसीय प्रांत अभ्यास वर्ग 14 से 17 जून 2026 तक जोधपुर ग्रामीण स्थित श्री हनुमंत आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित किया गया। अभ्यास वर्ग में प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान संगठन विस्तार, छात्र हित, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, वैचारिक प्रशिक्षण तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अभ्यास वर्ग के अंतिम दिन आयोजित समापन सत्र में संगठन की नवीन दायित्व घोषणाएं की गईं। घोषणा के अनुसार मेहुल शर्मा को बीकानेर विभाग संयोजक तथा करण जाड़ीवाल को बीकानेर जिला संयोजक का दायित्व सौंपा गया।

पालाजी महाराज के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा, गूंजे वैदिक मंत्र, 1100 पौधों का वितरण
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जून 2026। पूनरासर धाम में बुधवार को संतश्री पालाजी महाराज की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंदिर परिसर में संतश्री पालाजी की मूर्ति का विशेष श्रृंगार एवं पूजा अर्चना की गई। मंदिर के पुजारी भागूनाथ सिद्ध ज्याणी ने बताया कि सभी समाजबंधुओं के साथ विशेष पूजा अर्चना कर मंदिर के गुम्बज पर लगने वाले शिखर कलश की स्थापना की गई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नवस्थापित नवनिर्मित मंदिर की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की गई ।महोत्सव के पावन उपलक्ष्य में जाल का हरित रूंख प्रसाद सिद्ध पालोजी महाराज को अर्पित किया गया। इसके उपरांत प्रसिद्ध पर्यावरणविद् प्रोफेसर श्याम सुंदर जी ज्याणी के निर्देशन में श्री पालोजी बाड़ी परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं को रूंख प्रसाद के रूप में अवतार भूमि डाबला तालाब से लाए गए सहजन, खेजड़ी, रोहिड़ा, जाल, गुंदी एवं कंकेड़ी के 1100 पौधे वितरित किए गए।धर्म, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के इस अनूठे संगम ने सभी श्रद्धालुओं को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। आयोजन समिति द्वारा प्रो. श्याम सुंदर जी ज्याणी एवं अन्य अतिथियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इससे पूर्व मंगलवार शाम को गाजे बाजे के साथ संतश्री पालाजी महाराज की मूर्ति के साथ नगर परिक्रमा शोभायात्रा निकाली गई। जो कि गांव के विभिन्न मोहल्लों से होते हुए गुजरी। गांव में जगह जगह पुष्प वर्षा के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया। रात्रि को आयोजित जागरण कार्यक्रम में भक्तों ने नगाड़ों की धुन पर शब्द गाए और अग्नि नृत्य की प्रस्तुति दी।



