







श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 14 जून 2026। चार साल पहले गहनों की चोरी की वारदात का मामला श्रीडूंगरगढ़ थाने में अब दर्ज हुआ है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लिखमादेसर निवासी कमला देवी पत्नी भगवान नाथ ने अपने खेत के पूर्व काश्तकार पप्पूराम मेघवाल निवासी मितासर सरदारशहर पर ढाणी से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब चार साल पहले जब पप्पूराम उनके खेत पर काश्तकार था। तब खेत में स्थित ढाणी से 2.5-2.5 भरी की सोने की गलसरी, टड्डा, तीन जोड़ी झूमर, अंगूठियां, रखड़ी, सोने के फूलड़े, मणिए, करीब 50 भरी चांदी की पायजेब तथा 21,500 रुपये नकद चोरी हो गए थे। उस समय परिवार में उसके पति, भाई और पुत्री की मृत्यु होने के कारण सामाजिक परिस्थितियों में वे कानूनी कार्रवाई नहीं कर सकीं। पीड़िता ने बताया कि चोरी के बाद पप्पूराम ने खेत की काश्त छोड़ दी और उसकी आर्थिक स्थिति अचानक अच्छी हो गई। जनवरी 2026 में उसके परिवार ने पूछताछ की तो उसने फोन पर चोरी करना स्वीकार किया, जिसकी रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। पप्पूराम ने चोरी किए गए गहनो पर अपनी पत्नी कांता के नाम से सरदारशहर स्थित एक्सिस बैंक से गोल्ड लोन लेने की बात भी स्वीकार की और इसकी किश्त जमा करने की रसीद भी भेजी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई गजेंद्र सिंह को दी है।



