June 7, 2026
WhatsApp Image 2026-06-07 at 6.16.24 PM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 जून 2026। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने रविवार शाम के लिए चूरू में येलो और बीकानेर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी करते हुए अगले तीन घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज मेघगर्जन, आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। बता देवें नोखा क्षेत्र में आज बरसात व तेज हवाओं ने भारी नुकसान की सूचनाएं मिल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार दौसा, अलवर, कोटपूतली- बहरोड़, नागौर, बीकानेर, भीलवाड़ा, झुंझुनूं और सीकर सहित कई जिलों में कहीं-कहीं तेज मेघगर्जन, वज्रपात और 60 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
वहीं डीग, खैरथल-तिजारा, जयपुर, अजमेर, ब्यावर, टोंक, बूंदी, चूरू, भरतपुर, धौलपुर और करौली जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने तथा वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बिजली के उपकरणों को अनप्लग रखने और खुले स्थानों में जाने से बचने की भी सलाह दी गई है। मौसम विभाग की यह चेतावनी शाम 5:20 बजे जारी की गई है और अगले तीन घंटों तक प्रभावी रहेगी।