






खुले बोरवेल होंगे बंद, प्रशासन ने शुरू की कवायद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 जनवरी 2024। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा 10 दिन में राज्य के बेकार व नाकारा हुए ट्यूबवेल के हॉल बंद करवाने के निर्देशों के बाद प्रशासन हरकत में है। श्रीडूंगरगढ़ में भूजल विभाग के आग्रह के बाद बेकार व खुले बोरवेल बंद करवाने की कवायद स्थानीय प्रशासन ने प्रारंभ कर दी है। उपखंड अधिकारी उमा मित्तल ने इस कार्य को पूरा करने के लिए सुरक्षा समितियों का गठन कर अधिकारियों को बंद ट्यूबवेल चिह्नित कर उन्हें बंद करवाने की जिम्मेदारी सौंपी है। ग्राम स्तर की सुरक्षा समितियों में ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी व कृषि पर्यवेक्षक शामिल होंगे वहीं पालिका क्षेत्र की नगरीय सुरक्षा समिति में अधिशाषी अधिकारी, कनिष्ठ अभियंता व स्वास्थ्य निरीक्षक शामिल होंगे। इन्हें अपने अपने क्षेत्र में घुमकर खुले खतरनाक बोरवेल व टयूबवेल को चिह्नित करने व इनके मालिकों से संपर्क कर इन्हें तुरंत तारबंदी या ढक्कन लगाकर बंद कर, सुरक्षित किया जाना सुनिश्चित करने की बात कही है। मित्तल ने बताया कि आमजन भी अपने क्षेत्र के ग्राम विकास अधिकारी समिति के कार्मिकों को अवगत करवा कर इस कार्य को पूरा करने में सहयोग करें जिससे खुले ट्यूबवेलों से होने वाली अप्रिय घटनाओं को रोका जा सकें।
न्यायालय में नए साल में दो स्थानीय अवकाश घोषित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 जनवरी 2024। जिले से खास खबर नए साल में दो अवकाश घोषणा की आई है। जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने श्रीडूंगरगढ़ न्यायालय व बीकानेर न्यायक्षेत्र के सभी न्यायालयों में कैलेंडर वर्ष 2025 में दो स्थानीय अवकाश घोषित किए है। 30 अप्रैल 2025 को अक्षय तृतीया व 30 अगस्त 2025 को पूनरासर मेले पर अवकाश की घोषणा की गई है।




