






उपखंड अधिकारी ने पदभार संभाला, किए पूनरासर दर्शन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आरएएस उमा मित्तल ने आज श्रीडूंगरगढ़ उपखंड अधिकारी के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा ने फूल भेंट कर मित्तल का स्वागत किया। इस दौरान कार्यालय के सभी कर्मचारी उपस्थित रहें व अधिकारी का स्वागत किया। मित्तल ने जॉइन करने के बाद सबसे पहले पूनरासर हनुमानजी मंदिर पहुंच कर धोक लगाई। बता देवें श्रीडूंगरगढ़ में आठ दिन से सीट रिक्त होने से परेशान आमजन के कार्यों को अब गति मिल सकेगी।

होम वोटिंग की उम्र होगी अब 85 वर्ष।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रशासनिक स्तर पर व्यापक चुनावी तैयारियां चल रही है। आज एक गजट नोटिफिकेशन जारी कर होम वोटिंग की उम्र में परिवर्तन किया गया है। आदेश के अनुसार होम वोटिंग के लिए मतदाता की उम्र 80 से बढ़ाकर 85 कर दी गई है। अब 85 वर्षीय मतदाता का वोट चुनाव दल घर पहुंच कर ले सकेगा। बता देवें विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग द्वारा की यह पहल समाज में सराहना बटोरने वाली रही थी।
ओरण भूमि को वनभूमि बनने का विरोध जताने की अंतिम तिथि कल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थान में ओरण भूमि को वन भूमि घोषित कर वन विभाग के अधीन लेने की प्रक्रिया का विरोध जताने की कल अंतिम तिथि है। गौसेवा संघ के उपाध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी ने अपील करते हुए सरपंचो से पंचायत लेटर हेड पर लिख कर [email protected] तथा http.forest.rajasthan.gov.in पर मेल कर विरोध जरूर जताए। भोजास निवासी गोरधनसिंह राजपुरोहित ने कहा कि ओरण के वन भूमि बनने पर ग्रामीणों का प्रवेश निषेध हो जाएगा जिससे ग्राम्य जन जीवन पर बुरा असर होगा। राजपुरोहित ने कहा कि गोचर व ओरण को बचाने की मुहिम में जागरूकता के साथ कार्य होना चाहिए।




