July 22, 2026
WhatsApp Image 2023-10-15 at 9.37.25 PM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अक्टूबर 2023। समाज में अति पिछड़े वर्ग के रूप में पहचाने जाने वाले सांसी समाज के जिम्मेदारों ने आज भावी पीढ़ी को शिक्षा के द्वार से निकलकर मजबूत नागरिक बनने की प्रेरणा दी। सांसी अधिकारी कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले बीकानेर जिला कार्यकारिणी ने तेजा मंदिर में दूसरा “सांसी समाज प्रतिभा सम्मान समारोह- 2023” का आयोजन किया। सभी अतिथियों ने समाज की कुरीतियों को छोड़ने व समाज को प्रगति पथ पर आगे ले जाने के बारे में विस्तृत चर्चा की। समारोह के मुख्य अतिथि भन्ते नागवंशी व गजेंद्र सिंह सांखला ने समाज की नींव मजबूत बनाने व शिक्षा के प्रति सजग रहने की बात कही। वहीं समारोह अध्यक्षता करते हुए लीलाधर निनानिया भावी पीढ़ी को समय की मांग को समझकर शिक्षा के प्रति चिंतन करने व कड़ी मेहनत से उपलब्धियां हासिल करने की बात कही। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में बाड़मेर से भूराराम बलवान, हनुमानगढ़ से संतोष कुमार, रनतगढ़ से बीरबलराम, नई दिल्ली से इंद्र सिंह व कंजोड़ ने भाग लिया। सभी अतिथियों ने समाज की प्रतिभाओं का सम्मान करते हुए एकजुट होकर इन प्रतिभाओं के लिए आगे बढ़ने के मार्ग में आने वाली बाधाओं को समाज के मंच द्वारा हल करने के प्रयास किए जाने की बात कही। सभी अतिथियों का बीकानेर कार्यकारिणी ने स्वागत करते हुए सम्मान किया। कार्यक्रम में बीकानेर जिले के सभी गांवो से आए 100 से अधिक प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में 10वीं व 12वीं के प्रतिभावान छात्र छात्राओं सहित राज्य स्तर पर चयनित खिलाड़ियों, गत वर्ष सरकारी नौकरी में चयन होने वाले युवाओं, भामाशाहों का सम्मान किया गया। इन युवाओं को एकजुट होकर समाज के हित में कार्य करने की प्रेरणा दी गई जिससे समाज प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकें। समारोह के आयोजक मंडल व एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष फूसाराम नथिया, कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार सेवल, महासचिव राधेश्याम व ओमप्रकाश ने सभी का आभार जताया।