






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अक्टूबर 2026। बादनूं गांव के होनहार धावक शिवलाल घिंटाला ने जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरे स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, बादनूं में कक्षा 12वीं के छात्र शिवलाल ने 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के 19 वर्ष छात्र वर्ग में 1500 मीटर और 3000 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उनका राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। प्रतियोगिता के पहले दिन शिवलाल ने 3000 मीटर दौड़ में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए 9 मिनट 57 सेकंड में दौड़ पूरी की और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, दूसरे दिन 1500 मीटर दौड़ में 4 मिनट 33 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्वर्ण पदक जीत लिया। शिवलाल की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार और बादनूं गांव में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं खेल प्रभारियों ने शिवलाल की इस सफलता को उनकी कड़ी मेहनत व अवादा फाउंडेशन के साथ का परिणाम बताया। अवादा फाउंडेशन ने शिवलाल की रनिंग और ट्रेनिंग के लिए 1 साल का एमओयू कर रखा है। ग्रामीणों ने आभार जताया।







