September 17, 2026
2

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 17 सितंबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए गए चारों नामांकन पत्र जांच में सही पाए गए हैं और सभी प्रत्याशियों के नामांकन यथावत हैं। नामांकन जांच पूरी होने के साथ ही अब पालिका में बोर्ड बनाने को लेकर जोड़-तोड़ की गणित भी तेज हो गई है। विभिन्न पक्ष अपने-अपने समर्थन को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। पालिका अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से राधेश्याम सारस्वत, भाजपा से नारायण कलाणी, विकास मंच से जतनसिंह राजपुरोहित तथा विहिप के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश स्वामी ने नामांकन दाखिल किया है। निर्वाचन अधिकारी झंवरलाल मित्तल ने गुरुवार सुबह सभी नामांकन पत्रों की जांच की और चारों को सही पाया। निर्वाचन अधिकारी मित्तल ने बताया कि नामांकन वापसी का समय आज और शुक्रवार को दोपहर 3 बजे तक रहेगा। इसके बाद चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल चारों नामांकन बरकरार रहने से पालिका अध्यक्ष चुनाव को लेकर मुकाबला और सियासी गतिविधियां दोनों ही रोचक हो गई हैं।