June 18, 2026
01-2

उपजिला अस्पताल के ओ.टी. में दिया एसी, मोदी परिवार का जताया आभार
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 जून 2026। उपजिला अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर (ओ.टी.) में पहुंचने वाले मरीजों को गर्मी से राहत मिल सकेगी। इन मरीजों की सुविधा के लिए बुधवार को मोदी परिवार द्वारा यहां एक एसी दिया गया है। मेडिकल ऑफिसर रमाकांत ने बताया कि दिवंगत रामदेव मोदी की पुण्यतिथि पर श्रीमती नाथीदेवी मोदी, पौत्र हनुमान प्रसाद, उमाशंकर मोदी ने ऑपरेशन थियेटर में मरीजों को गर्मी से राहत प्रदान करने के लिए एसी भेंट की है। अस्पताल प्रभारी डॉ. ओमप्रकाश स्वामी व मेडिकल ऑफिसर रमाकांत सहित नर्सिंग ऑफिसर ने दानदाता परिवार का आभार जताया। इस दौरान अस्पताल का स्टाफ मौजूद रहा।

लैंग्वेज ट्री इंग्लिश एकेडमी में मनाई गई महाराणा प्रताप जयंती
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लैंग्वेज ट्री इंग्लिश एकेडमी में बुधवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर एकेडमी परिसर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें निदेशक ओमप्रकाश राजपुरोहित (राज सर), स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महाराणा प्रताप के जीवन, उनके संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के बारे में जानकारी दी गई। एकेडमी निदेशक राज सर ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप केवल मेवाड़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने स्वाभिमान और स्वतंत्रता से कभी समझौता नहीं किया। युवाओं को उनके जीवन से त्याग, परिश्रम और देशभक्ति की प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

बाल योग समर कैंप जारी, तीसरे दिन विभिन्न क्रियाओं का करवाया अभ्यास
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महापुरुष समारोह समिति के तत्वावधान बोहती भवन में बाल योग समर कैंप जारी है। गुरूवार को तीसरे दिन बच्चों को सहजता के साथ योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास करवाया गया। इसके साथ बच्चों को चरित्र निर्माण के बारे में जानकारी दी। वहीं बच्चों को मोबाईल व जंकफूड से दूर रहने की सलाह दी गई। शिविर में समिति के मंत्री सुशील सेरड़िया, संजय करवा, सुरेश भादानी, ओमप्रकाश सारस्वत मौजूद रहे। वहीं योग शिक्षक ओम प्रकाश कालवा एवं उनकी टीम योगाभ्यास करवा रहे है।