श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 अक्टूबर 2026। ग्राम पंचायत चुनावों की सरगर्मियों के बीच क्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत मोमासर में सरपंच चुनाव का माहौल रोचक होने लगा है। लंबे समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे विद्याधर शर्मा अब गांव के विकास का संकल्प लेकर सरपंच चुनाव के मैदान में उतरे हैं। शनिवार को उनके समर्थकों ने गांव के मुख्य बाजार में सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें बड़ी संख्या में विभिन्न जाति-वर्गों के ग्रामीण शामिल हुए। समर्थकों ने शर्मा के पक्ष में समर्थन मांगा और वरिष्ठ ग्रामीणों का फूलमालाओं से सम्मान किया। इस दौरान विद्याधर शर्मा ने राजनीति में शुचिता और पारदर्शिता का संदेश देते हुए साफ-सुथरे तरीके से गांव की सेवा करने का संकल्प जताया। उन्होंने कहा कि गांव के प्रत्येक वार्ड में पांच-पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम बनाकर स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।
पेयजल से लेकर युवाओं के भविष्य तक रखी कार्ययोजना
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शर्मा ने ग्रामीणों के सामने अपनी प्राथमिकताएं रखते हुए पेयजल समस्या का समाधान, बिजली व्यवस्था में सुधार और मृत पशुओं के निस्तारण की व्यवस्था करने की बात कही। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए पंचायत स्तर पर आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाने, खेल एवं शैक्षणिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ट्रस्ट बनाकर छात्रवृत्ति देने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने गर्ल्स स्कूल के पास सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा सरकारी भूमि पर बेसहारा पशुओं के लिए गौशाला विकसित करवाने की बात भी कही। इसके अलावा बाबाजी की कुटिया के आसपास रहने वाले परिवारों को सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने तथा एमएल फंड से गौशाला विकसित करवाने और एक ट्यूबवेल निर्माण करवाने का संकल्प जताया।
पढ़े-लिखे नेतृत्व से विकास को गति देने की बात
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शर्मा ने कहा कि गांव को पढ़े-लिखे और अनुभवी नेतृत्व की आवश्यकता है, जो अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर विकास कार्यों को गति दे सके। उन्होंने ग्रामीणों से समर्थन मांगते हुए मोमासर की निस्वार्थ भाव से सेवा करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के ग्रामीणों की भागीदारी और समर्थकों के उत्साह के बीच मोमासर का चुनावी माहौल चर्चा में रहा।
एलईडी पर दिखाया पूर्व सरपंच का हिसाब किताब।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सभा में विद्याधर शर्मा ने बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई और गत कार्यकाल में पंचायत को मिलने वाले फंड की पूरी जानकारी सार्वजनिक की। शर्मा ने अलग अलग मदों में किए गए खर्च और शेष रहें फंड की जानकारी देते हुए अपने विकास का विजन ग्रामीणों के सामने रखा। उनका ये प्रयोग भी गांव में आज चर्चा का विषय बन गया है।


