


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 सितंबर 2026। मौसमी बीमारियों की आशंका को देखते हुए नगरपालिका प्रशासन ने शहर में साफ-सफाई एवं कीट नियंत्रण को लेकर अभियान शुरू किया है। नगरपालिका की ओर से शहर की नालियों एवं मुख्य चैंबरों में कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा है। ईओ अभिषेक गहलोत ने बताया कि मौसमी बीमारियों के दौर को देखते हुए शहर में कीटनाशक का छिड़काव करवाया जा रहा है, ताकि नालियों में पनपने वाले मच्छरों एवं अन्य कीटों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
स्वास्थ्य निरीक्षक कमल चांवरिया के निर्देशन में नगरपालिका कार्मिक विभिन्न क्षेत्रों में छिड़काव कर रहे हैं। चांवरिया ने बताया कि घूमचक्कर से मुख्य बाजार तक की सभी नालियों में कीटनाशक का छिड़काव किया जाएगा। इसके बाद शहर के मुख्य चैंबरों एवं नालियों में भी कीटनाशक डाला जाएगा।






