July 22, 2026
WhatsApp Image 2025-09-04 at 16.24.59

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 सितंबर 2025। अंचल में एक और गांव में सार्वजनिक रूप से गांव की चौपाल पर शराब बेचने के विरोध में उतर गया है। धीरदेसर चोटियान में शराब स्कूल व मंदिर के निकट शराब ठेका बंद करवाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन 365 दिन से जारी है। अब गांव पुंदलसर के ग्रामीणों ने उपखंड कार्यालय पहुंच कर गांव में चौपाल पर आबादी के निकट सामुदायिक भवन के पास अवैध शराब ठेके के संचालन का विरोध किया। ग्रामीणों ने बताया कि इस ठेके से मात्र 50-60 मीटर की दुरी पर राउमावि तथा आंगनबाड़ी संचालित है। इससे 30 मीटर दूर गांव की आराध्या देवी जमवाय माता का मंदिर व ठाकुरजी का मंदिर है। इस स्थान पर छात्र- छात्राओं, महिलाओं ,गौ सेवकों, श्रद्धालुओं,आबादी के लोगो के भ्रमण हेतु एवं राहगीरों का मुख्य मार्ग है। गांव के मुख्य कुएं के पास सनातन संस्कृति के महत्वपूर्ण वृक्ष पीपल के नीचे व शमशान के एकदम नजदीक अवैध शराब धड़ल्ले से बेची जा रही है। उक्त रोड़ मंदिर, गौशाला, पंचायत भवन व श्रीडूंगरगढ़ तथा अन्य कहीं भी जाने के लिए टैक्सी स्टैंड के मुसाफिरों का मुख्य स्थान है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्तमान में आबकारी नियमों के विरुद्ध इस अवैध शराब ठेके का संचालन किया जा रहा है, जिससे गांव पुन्दलसर के आमजन में आक्रोश है। यहां पूरे दिन व देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के ठेका संचालन से किसी अनुचित घटना घटित होने की संभावना बनी हुई है। इसलिए पूरा गांव इस ठेके को शीघ्र बंद करवाने पर आमादा है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पूर्व 2019 में ग्राम सभा द्वारा पारित प्रस्ताव में भी पूरे गांव की सहमति से शराब की बिक्री व ठेके का संचालन गांव की आबादी से दूर रखने का नियम बनाया गया था। जिसके ज्ञापन तत्कालीन पुलिस थानाधिकारी, व उपखंड अधिकारी तथा कलेक्टर को भी दिए गये थे। ग्रामीणों ने एक स्वर में सार्वजनिक स्थान से इस अवैध शराब ठेके के संचालन का बंद नहीं करवाए जाने पर धरना व प्रदर्शन कर आन्दोलन करने की बात कही।