Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026
00002
AdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisementAdvertisement

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अक्टूबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में संचालित सेवा सेतु अभियान के तहत वार्डों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर परिवाद प्रस्तुत किए जा रहे हैं। सोमवार को शिविर में कुल 15 परिवाद पेश किए गए। इस दौरान वार्ड 19, 20 और 22 के पार्षदों एवं प्रतिनिधियों ने सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण, नालियों की मरम्मत, बरसाती पानी की निकासी और कम वोल्टेज जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए इनके स्थायी समाधान की मांग की। इस दौरान बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी के सचिव रमेश प्रजापत, शहर कांग्रेस सचिव रामचंद्र छापोला, अमरचंद सिखवाल, हरिप्रसाद प्रजापत, घनश्याम बासनीवाल, आशीष प्रजापत, मूलचंद स्वामी एवं ख्यालीराम रैगर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

वार्ड 19 में सफाई, रोडलाइट और सड़क निर्माण का मुद्दा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वार्ड 19 के पार्षद जगदीश रेगर ने अधिशासी अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर वार्ड में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, जाम नालियों की सफाई और कचरे का नियमित उठाव करवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि करीब 15 विद्युत पोलों पर लाइटें नहीं होने से परेशानी होती है। इसके अलावा दशहरा मैदान के पास कच्चे रास्ते, विभिन्न गलियों में सड़क निर्माण नहीं होने तथा सीवरेज कार्य के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का मुद्दा उठाया। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर की जमीन तक सड़क निर्माण करवाने की मांग भी रखी।

वार्ड 20 में सड़क-नालियों और कम वोल्टेज से परेशानी
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वार्ड 20 के पार्षद रमेशचंद बासनीवाल ने वार्ड की कई गलियों में सड़क और नालियों का निर्माण नहीं होने से आमजन को हो रही परेशानी से अवगत करवाया। उन्होंने सरदारशहर रोड पर शिव मंदिर के पास वर्षों से बने गहरे गड्ढे को भरवाने की मांग की, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका दूर हो सके। वहीं साईनाथ कॉलोनी में विद्युत ट्रांसफार्मर की व्यवस्था नहीं होने से उत्पन्न कम वोल्टेज की समस्या के समाधान की मांग भी उठाई।

वार्ड 22 में जलभराव से राहत के लिए स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था की मांग
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वार्ड 22 की समस्याओं को लेकर पूर्व पार्षद मूलचंद स्वामी के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। इसमें बरसाती पानी के जलभराव से राहत दिलाने के लिए भूमिगत नाले और ड्रेनेज चैंबर स्वीकृत करने, चौराहों पर टूटी नालियों की मरम्मत करवाने तथा नालियों और चैंबरों की नियमित सफाई की मांग की गई। साथ ही गौरव पथ रोड का पानी निचले इलाकों में जाने से रोकने के लिए उचित निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग रखी गई।