


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 4 सितंबर 2026। कस्बे के सृजन पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के रंग में रंगे विद्यालय परिसर में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी श्रीकृष्ण और राधा की आकर्षक वेशभूषा में नजर आए तो पूरा माहौल कृष्णमय हो उठा।
बच्चों ने नृत्य, भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए कान्हा की बाल लीलाओं को जीवंत कर दिया। राधा-कृष्ण की सुंदर झांकियों ने विशेष आकर्षण बटोरा। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्य लीलाधार सारस्वत ने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश देते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, प्रेम, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ना रहा।













