






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अक्टूबर 2026। रविवार को शारदीय नवरात्र प्रारंभ हो रहें है। इस बार नवरात्र में सप्तमी तिथि दो दिन रहेगी और महा अष्टमी व महानवमी 19 अक्टूबर को एकसाथ मनाई जाएगी। अगले दिन 20 अक्टूबर को दशहरा मनाया जाएगा। पंडित विष्णुदत्त शास्त्री ने बताया कि इस बार माँ दुर्गा हाथी पर सवार होकर आएंगी, जो सुख समृद्धि व उन्नति का शुभ प्रतीक माना जाता है। वहीं नौ दिन देवी भक्ति के साथ ग्रह नक्षत्रों के भी कई शुभ और दुर्लभ संयोग बन रहें है। कई वर्षों बाद नवरात्र में इस बार चार से पांच दिन स्वार्थ सिद्धि योग व 2 दिन अमृत सिद्धि योग व 19 अक्टूबर को रवि योग का प्रभाव रहेगा। इस दौरान खरीददारी के विशेष मुहूर्त रहेंगे।
श्रीडूंगरगढ़ आड़सर बास के माताजी मंदिर व कालूबास के स्वर्णकार मंदिर में भव्य सजावटें की गई है। मंदिरों में भव्य सजावटें की गई है और गलियों को रोशन कर दिया गया है। श्री मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष ओमप्रकाश कडेल ने बताया कि स्वर्णकार माताजी मंदिर में कल घट स्थापना होगी व अखंड कीर्तन के साथ अनेक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। वहीं आड़सर बास माताजी मंदिर में घट स्थापना, अखंड ज्योत, सुबह शाम महाआरती, अखंड कीर्तन सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठान होंगे। घर घर घट स्थापना के आयोजन होंगे। श्रद्धालुओं में आयोजनों को लेकर खासा उत्साह है और वे तैयारियों में जुटे है।
ऋषिकुल संस्कृत विद्यालय में शुरू होगा कल शतचंडी महायज्ञ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ऋषिकुल संस्कृत विद्यालय श्रीडूंगरगढ़ के 25वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शारदीय नवरात्र के अवसर पर नौकुण्डी शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। विद्यालय परिसर में 11 से 20 अक्टूबर तक मां सरस्वती चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस महायज्ञ में 1008 दंडी स्वामी रामानंद तीर्थ महाराज, ऋषिकेश के सान्निध्य में काशी के यज्ञाचार्य दिवाकर मिश्रा द्वारा संपन्न करवाया जाएगा। महायज्ञ प्रतिदिन प्रातः 9 से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में श्रद्धालु यजमान के रूप में भी शामिल हो सकेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मोमासर के स्वर्णकार मंदिर में प्रारंभ होगी भागवत कथा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नवरात्र के अवसर पर मोमासर के स्वर्णकार मंदिर में संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान का प्रारंभ होगी। मंदिर में सुबह सवा बारह बजे घट स्थापना होगी। कथा कल से 17 अक्टूबर तक चलेगी और कथावाचक प्रदीपजी महाराज कथा का वाचन करेंगे। मदनलाल सोनी ने बताया कि कलश यात्रा रविवार सुबह 9:15 बजे ठाकुरजी मंदिर से स्वर्णकार माताजी मंदिर पहुंचेगी। 18 अक्टूबर की रात्रि माताजी का जागरण होगा व 19 अक्टूबर को कन्या भोजन का आयोजन किया जाएगा।
रोहिड़ा धाम पर होगा विशेष आयोजन
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र में स्थित करणी माता के प्रसिद्ध रोहिड़ा धाम, कितासर भाटियान में नवरात्र के दौरान विशेष धार्मिक अनुष्ठान होंगे। करणी युवा मंडल के सदस्यों ने बताया कि रविवार सुबह 8:15 बजे गांव के करणी माता मंदिर से प्रति वर्ष की भांति रोहिड़ा धाम मंदिर तक भव्य 51 मीटर की चुनरी यात्रा, कलश यात्रा एवं भव्य झांकी का आयोजन किया जाएगा।








