









श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 सितंबर 2026। पितृपक्ष के अवसर पर श्रीडूंगरगढ़ निवासी एवं कोलकाता प्रवासी संजय सिखवाल एवं उनकी पत्नी सांत्वना सिखवाल द्वारा वृंदावन में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन कथा मंडप में भक्ति और आध्यात्मिक भावों से सराबोर रहा। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसास्वादन किया। कथावाचक रामलखन शास्त्री महाराज ने दूसरे दिन की कथा में भीष्म और श्रीकृष्ण के संवाद का भावपूर्ण वर्णन किया। इसके साथ ही द्रौपदी और अश्वत्थामा के संवाद का प्रसंग भी सुनाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा के दौरान वृंदावन की भक्ति परंपरा से जुड़े श्रीकृष्ण के भजनों की भी प्रस्तुति हुई। भजनों के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और पूरा कथा परिसर कृष्णमय हो गया। सात दिवसीय कथा का आयोजन 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा।











