September 25, 2026
00001

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 25 सितंबर 2026। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ एवं प्रांतीय संयुक्त समन्वय समिति के बैनर तले कार्मिकों ने राजकीय अवकाश के दिनों में आयोजित होने वाले शिविरों एवं अभियानों में कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। इस संबंध में कार्मिकों ने उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा पांच दिवसीय कार्यप्रणाली निर्धारित की गई है तथा शनिवार, रविवार एवं अन्य राजकीय अवकाश कार्मिकों के वैधानिक अवकाश हैं। कार्मिकों ने शारीरिक एवं मानसिक विश्राम के साथ पारिवारिक दायित्वों के निर्वहन को आवश्यक बताते हुए राजकीय अवकाश के दिनों में आयोजित होने वाले सभी गैर-आपातकालीन अभियानों एवं शिविरों के बहिष्कार का निर्णय लिया है। कार्मिकों ने अनुचित दबाव एवं कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि मांगों का लिखित समाधान होने तक अवकाश के दिनों में होने वाले गैर-आपातकालीन शिविरों एवं अभियानों का कार्य बहिष्कार जारी रखे जाने की बात कही है। ज्ञापन देने के दौरान राजस्थान पटवार संघ उपशाखा अध्यक्ष भंवरलाल ज्याणी, कृषि पर्यवेक्षक संघ उपशाखा अध्यक्ष राजेंद्र डेलू, ग्राम विकास अधिकारी संघ उपशाखा अध्यक्ष सुदर्शन महिया एवं कानूनगो संघ श्रीडूंगरगढ़ के अध्यक्ष चैनाराम चौहान सहित पटवारी, भू अभिलेख निरीक्षक गण, कृषि पर्यवेक्षक और ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहें।