





श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 सितंबर 2026। मातृभूमि के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले क्षेत्र के वीर शहीद बजरंगलाल चोटिया के 26 सितंबर को उनके पैतृक गांव में विशाल रक्तदान शिविर व चिकित्सा शिविर का आयोजन होगा। शहीद के 18वें शहादत दिवस पर ग्राम पंचायत भवन में सुबह सवा नौ बजे श्रद्धाजंलि सभा से कार्यक्रम प्रारंभ होगा। वहीं रक्तदान शिविर होगा। जिसमें उत्साही युवा रक्तदान कर पीड़ित मानवता की सेवार्थ अपना सहयोग देंगे। इसी के साथ ग्राम पंचायत भवन में ही सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर होगा। जांच शिविर में जीवन रक्षा हॉस्पिटल के प्रसिद्ध फिजिशन डॉ राकेश कुमार की सेवाएं उपलब्ध हो सकेगी। वहीं शिविर में रोगियों को परामर्श, बीपी जांच, शूगर जांच, खून की कमी की जांच पूरी तरह से नि:शुल्क मिल सकेगी। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी है। वहीं बुधवार को कार्यवाहक थानाधिकारी सुभाष बिश्नोई सहित थाना स्टाफ रक्तदान शिविर के बैनर का विमोचन किया। बिश्नोई ने रक्तदान को महादान बताते हुए युवाओं से शहीद की स्मृति में रक्तदान करने की अपील की। इस दौरान आयोजन समिति के युवा मौजूद रहें।






