





बरजांगसर की बेटियों का शानदार प्रदर्शन, नेटबॉल में जीते दो स्वर्ण पदक
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्कूली नेटबॉल प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरजांगसर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 वर्ष और 19 वर्ष छात्रा वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए है। 17 वर्ष छात्रा वर्ग की प्रतियोगिता गोल्डन गेट एकेडमी, करमीसर में आयोजित हुई, जिसमें बरजांगसर की छात्रा टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 19 वर्ष छात्रा वर्ग की प्रतियोगिता चोपड़ा स्कूल, बीकानेर में आयोजित हुई, जिसमें भी बरजांगसर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक हेतराम बाना ने बताया कि दोनों टीमों की इस उपलब्धि से विद्यालय एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्होंने छात्राओं को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।

लालासर की बेटियों ने जिला स्तरीय सॉफ्टबॉल में जीता रजत पदक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 67वीं जिला स्तरीय विद्यालयी सॉफ्टबॉल खेलकूद प्रतियोगिता में ग्राम पंचायत सत्तासर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लालासर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। टीम में प्रियंका मेहरा, प्रीती मेहरा, यमुना मेहरा, कोमल कंवर और किरण मेहरा सहित सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टीम की सफलता में कोच राजूराम का मार्गदर्शन विशेष रहा। टीम की इस उपलब्धि पर भीम आर्मी अध्यक्ष लालासर केवलचन्द ने छात्राओं को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी।

मणकरासर में कल से शुरू होगा कबड्डी का महासमर, प्रतापसिंह चलकोई होंगे मुख्य अतिथि।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के सुदूर गांव मणकरासर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की मेजबानी में क्षेत्र में लगातार चौथी बार कबड्डी का महासमर 23 सितम्बर, बुधवार से शुरू होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी और राज्य स्तर पर सम्मानित भामाशाह चलकोई फाउंडेशन के संरक्षक प्रतापसिंह राठौड़ होंगे। शिक्षा विभाग द्वारा आयोज्य 70 वीं जिला स्तरीय कबड्डी (19वर्षीय छात्रा वर्ग) का आयोजन का संयोजन राउमावि मणकरासर में किया जा रहा है, जिसमें लगभग 40 टीमों के 520 खिलाड़ी, 20 निर्णायक, 40 टीम प्रभारी और अन्य व्यवस्थार्थ कार्मिक हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम संयोजक गोरीशंकर जोशी ने बताया कि क्षेत्र में मणकरासर में दो बार और बींझासर में एक बार सहित लगातार चौथे वर्ष आयोजन हो रहा है। गत तीनों ही बार यहां से चयनित टीम राज्य स्तर पर गोल्डमेडलिस्ट रही है। इसलिए एक बार फिर विभाग ने मणकरासर पर ही भरोसा जताया है। आयोजन में भोजन व आवास की सुविधा में ग्रामीणजनों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। फिलहाल क्षेत्र में मेले जैसा माहौल है और ग्रामीणजनों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।





