September 17, 2026
WhatsApp Image 2026-09-17 at 19.25.58

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 सितंबर 2026। पूनरासर धाम में गुरुवार से तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ हुआ और पहले ही दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में धोक लगाई और अपनी मनोकामनाओं के लिए मन्नतें मांगी। दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही से पूनरासर धाम भक्तिमय नजर आया तथा बाबा के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। मुख्य पुजारी धनराज बोथरा सहित पुजारी मंडल ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। श्रद्धालुओं में मेले को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट रहा। वहीं मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक अमला भी सक्रिय नजर आया। सुरक्षा, यातायात की सुविधाओं को लेकर व्यवस्थाओं पर प्रशासन द्वारा लगातार नजर रखी गई। सेरूणा थानाधिकारी इमीचंद की अगुवाई में पुलिस जवान मेले में सक्रिय है। आगामी दो दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बीकानेर शहर से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु पूनरासर पहुंचकर बाबा के मंदिर में धोक लगाएंगे। पुजारी ट्रस्ट द्वारा परंपरागत रूप से श्रद्धालुओं के लिए घी, आटे व चीनी की व्यवस्था की गई है। वहीं पहले आओ पहले पाओ के आधार पर कमरों का वितरण किया गया है।