








श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 सितंबर 2026। नगरपालिका चुनाव के मतदान दिवस पर शहर में लोकतंत्र के पर्व का उत्साह देखते ही बना। दिनभर मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही रही। प्रवासी परिवार मतदान के लिए पहुंचे तो युवाओं से लेकर महिलाओं और बुजुर्गों तक ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं वार्ड 11 में चुनावोत्स्व की अद्भुत तस्वीर सामने आई जहाँ 102 वर्षीय वरिष्ठ लक्ष्मीनारायण पारीक और उनकी 100 वर्षीय धर्मपत्नी सोहनीदेवी पारीक ने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। कई युवाओं ने पहली बार मतदान कर लोकतंत्र के उत्सव में कदम रखा। मतदान केंद्रों पर पीढ़ियों का यह संगम भी देखने को मिला—कहीं महिलाएं अपनी सास के साथ वोट देने पहुंचीं तो कहीं पोता-पोती अपने दादा-दादी के साथ मतदान करने पहुंचे। कई परिवारों ने सपरिवार मतदान किया। इस दौरान उम्र, पीढ़ी और प्रवास की दूरी पीछे छूटती नजर आई और शहरवासियों ने उत्साह के साथ मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभाई।
मतदान में वरिष्ठ मतदाताओं की अनोखी भागीदारी रही
विधानसभा और लोकसभा चुनावों में दिव्यांग और बीमार मतदाताओं को घर से मतदान की सुविधा मिलती रही है, लेकिन इस बार यह सुविधा उपलब्ध नहीं होने के बावजूद अत्यधिक वरिष्ठ मतदाताओं ने हौसला दिखाया और अपने सामर्थ्य से बढ़कर मतदान केंद्र तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्र की बाधाओं को पीछे छोड़कर बूथ तक पहुंची इन बुजुर्ग मतदाताओं की तस्वीरें लोकतंत्र के प्रति उनकी मजबूत प्रतिबद्धता और मतदान के महत्व को दर्शाती नजर आईं।

















